आर्यन खान के लिए शाहरुख ने जेल में भेजा 4500 का मनी ऑर्डर, मां गौरी से वीडियो कॉल पर हुई बात
मुंबई, 15 अक्टूबर: फिल्म एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ड्रग्स मामले में मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं। आर्यन खान के वकील कई बार उनकी जमानत अर्जी डाल चुके हैं लेकिन बेल नहीं मिल सकी है। आर्यन के जेल में होने से उनके पिता शाहरुख और मां गौरी भी इन दिनों परेशान हैं। आर्यन को जेल में कुछ राहत मिल सके इसके लिए शाहरुख ने उनको 4500 रुपए का मनी ऑर्डर भेजा है। वहीं आर्यन से उनकी वीडियो कॉल पर बात भी हुई है।

आर्यन को 4500 का मनी ऑर्डर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्थर जेल अथॉरिटीज को आर्यन खान के परिवार से 11 अक्टूबर को 4500 रुपये का मनी ऑर्डर मिला था। एक कैदी को एक महीने में सिर्फ 4500 रुपये का ही मनी ऑर्डर दिया जा सकता है। ऐसे में आर्यन को शाहरुख ने ये पैसे भेज हैं। पता चला था कि आर्यन खान को जेल का खाना खाने में परेशानी हो रही है। ऐसे में शाहरुख खान ने उनको 4500 रुपए भेजे हैं ताकि वो कैंटीन से खाना खा सकें।

आर्यन की मम्मी-पापा से बात भी हुई
आर्यन खान की घर पर वीडियो कॉल पर बात भी हुई है। उन्होंने मां गौरी और पिता शाहरुख खान से जेल नियमों के मुताबिक वीडियो कॉल पर 10 मिनट तक बात की। नियम के मुताबिक, विचाराधीन कैदी महीने में दो से तीन बार अपने घरवालों या वकीलों से वीडियो कॉल पर बात कर सकते हैं। कोर्ट के आदेश पर आर्थर रोड जेल में वीडियो कॉल की सुविधा कोरोना महामारी के दौरान शुरू की गई थी।

20 अक्टूबर को होगी जमानत पर सुनवाई
मुंबई में कथित तौर पर क्रूज शिप पर एक ड्रग पार्टी के दौरान पकड़े गए आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा और अन्य लोग 3 अक्टूबर से जेल में हैं। 14 अक्टूबर को उनकी जमानत अर्जी पर मुंबई स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट में सुनवाई हुई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना फैसला 20 अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। आर्यन को जमानत मिलेगी या नहीं इसका फैसला 20 अक्टूबर को होगा।












Click it and Unblock the Notifications