'वेट बढ़ा सकता हूं, तो घटा भी सकता हूं...' बॉडी शेमिंग पर भड़के अर्जुन कपूर ने ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं। इस दौरान कई लोगों ने एक्टर को उनके वेट के लिए ट्रोल किया। अब अर्जुन ने ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए प्रतिक्रिया दी है।
मुंबई, 24 जुलाई: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन ने लगातार मेहनत और लगन के साथ खुद को साबित किया है। 'इश्कजादे' फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले अर्जुन ने जिस कदर खुद को ट्रांसफॉर्म किया है, वाकई में काबिलेतारीफ है। अब एक्टर एक विलेन रिटर्न्स फिल्म में नजर आने वाले हैं। अर्जुन बॉलीवुड में कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते जा रहे हैं। लेकिन ये सब एक्टर के लिए इतना भी आसान नहीं था। आज फैंस के चहेते अर्जुन एक वक्त पर बुरी तरह ट्रोलर्स के निशाने पर रहते थे। इतना ही नहीं, अर्जुन कपूर बॉडी शेमिंग का भी शिकार हो चुके हैं। अपनी फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' के प्रमोशन के दौरान भी एक्टर को वेट के लिए ट्रोल होना पड़ा। ऐसे में अब अर्जुन ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।

बॉडी शेमिंग पर क्या बोले अर्जुन?
पिंकविला संग इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने बॉडी शेमिंग और ट्रोल्स को लेकर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, एक्टर आजकल अपनी आने वाली फिल्म एक विलेन रिटर्न्स के प्रमोशन में बिजी हैं। इस दौरान एक्टर को कई दफा बॉडी शेमिंग का शिकार होना पड़ा। यूजर्स ने कई दफा एक्टर को उनको फिल्म के किरदार से कंपेयर किया।

फिल्मों के किरदार से परे हूं
इस पर एक्टर ने कहा कि अगर लोगों को लगता है कि अर्जुन कपूर ने इस किरदार को बड़ी आसानी से निभाया है, तो अभी के लिए लगे। मैं आखिरकार उन्हें बता ही दूंगा। इसलिए अभी के लिए ऐसा ही सोचें। मैं वैसा नहीं हूं, जैसा किरदार फिल्म में निभाता हूं। मैं वैसा भी नहीं हूं, जैसा इश्कजादे फिल्म में था। मैं वो शख्स नहीं हूं, जिसे आपने गुंडे में देखा होगा।

मेरे अंदर काबिलियत है
अर्जुन ने कहा कि मैं एक एक्टर हूं, जो अलग-अलग किरदार निभाता है। कैसा होता है, जब मुझे मेरी निजी जिंदगी को लेकर गलत समझा जाता है। मेरा वजन थोड़ा बढ़ गया और मेरे अंदर उसे कम करने की काबिलियत है।

पर्सनल जिंदगी में ना दें दखल
मैंने देखा है कि लोग आपको ऐसे ही स्वीकार नहीं करते, जैसे आप हैं। लोग पहले से सोच कर रखते हैं कि इस शख्स को ऐसा होना चाहिए। किसी फिल्म में अगर मुझे लगता है कि ये मेरा फेलियर है, तो आप मुझसे सवाल कर सकते हैं। मैं ऑफ स्क्रीन कैसा हूं, इससे किसी को मतलब नहीं होना चाहिए।

तारा ने किया था सपोर्ट
बताते चलें कि बीते दिनों अर्जुन कपूर को हो रही ट्रोलिंग को लेकर एक्टर की को-स्टार तारा सुतारिया भी उनके सपोर्ट में खड़ी हुई थीं। नेगेटिव टिप्पणियों को लेकर एक्ट्रेस ने कहा कि जब हमने साथ में फोटोज डाले, तो कई लोगों ने भद्दी टिप्पणियां की। मैंने तब भी कहा, आप इस शख्स को नहीं जानते। मैं उन्हें पिछले 2 सालों से जानती हूं। ये कमेंट करने वाले लोग बेनाम हैं, जिनका चेहरा तक किसी को नहीं पता। नेपोटिज्म की बहस में नहीं जाना चाहते। अर्जुन बेहद मेहनती एक्टर हैं।

लोग हमेशा जज करेंगे
जब एक्टर से सवाल किया गया कि क्या उन्हें ट्रोल्स से फर्क पड़ता है, तो उन्होंने कहा कि जिस काम में वे हैं, ट्रोलिंग उसका एक हिस्सा है। आप इस बात के आदी हो जाते हो कि आपकी पर्सनल और प्रोफेशनल जिंदगी को लोग हमेशा जज करेंगे ही। ये प्रोफेशन उन लोगों के लिए नहीं है, जो इसे स्वीकार ही ना कर पाएं।

मैं सहन नहीं कर सकता- अर्जुन
अर्जुन कहते हैं कि आपको मेरा काम नहीं पसंद, तो ये जायज है। आप दर्शक हैं, इसके लिए आपने पैसा दिया है। लेकिन अगर किसी को मेरा सरनेम या मेरा चेहरा नहीं पसंद, तो मैं कुछ नहीं कर सकता। अगर आप मुझसे इस बात को लेकर नफरत करते हैं और ऐसा कुछ लिखते हैं, तो मैं कैसे सहन करूंगा।

अर्जुन की अपकमिंग फिल्में
बताते चलें कि अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी फिल्म एक विलेन रिटर्न्स के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में एक्टर के साथ तारा सुतारिया, दिशा पटानी और जॉन अब्राहम नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के अलावा अर्जुन भूमि पेडनेकर संग लेडी किलर में भी दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications