छलक जाएंगी आपकी भी आंखें...बप्पी दा के निधन पर अमूल ने शेयर की ऐसी पोस्ट
नई दिल्ली, 17 फरवरी: मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर बप्पी लहरी का मंगलवार देर रात 69 साल की उम्र में निधन हो गया है। ऐसे में दुनिया को अलविदा कर चुके 'बप्पी दा' को लोगों ने अपने-अपने तरीके से याद किया। इसी कड़ी में अमूल इंडिया ने भी उनको खास अंदाज में ट्रीब्यूट दिया। अमूल ने मोनोक्रोम डूडल शेयर किया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

बप्पी दा को भावभीनी श्रद्धांजलि
हमेशा अनोखे अंदाज में तस्वीरों को लोगों के सामने पेश करने वाले देश के पॉपुलर डेयरी ब्रांड अमूल ने लता जी के बाद अब बप्पी दा को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए दिल जीतने वाली पोस्ट साझा करते हुए उनको याद किया है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अमूल ने मोनोक्रोम डूडल शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा " 'डिस्को किंग' और महान भारतीय सिंगर/कंपोजर को श्रद्धांजलि..."

'चलते चलते मेरे ये गीत याद रखना'
अमूल की ओर से शेयर की गई तस्वीर में आप देख सकते हैं कि बप्पी लहरी का एनिमेटेड स्केच तैयार किया गया है, जिसमें उसमें गायक दो स्केच हैं। एक तस्वीर में उन्हें पियानो बजाते हुए दिखाया गया है, जबकि दूसरे में उन्हें गाते हुए देखा जा सकता है। वहीं इस मोनोक्रोम डूडल पर "चलते चलते मेरे ये गीत याद रखना" लिखा गया है। बता दें कि यह बहुत ही मशहूर गाना है, जिसको किशोर कुमार ने गाया था और इसका संगीत बप्पी दा ने दिया था।

अलविदा बप्पी दा!
गुरुवार को बॉलीवुड के मशहूर सिंगर बप्पी लहरी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान जूहु स्थित उनके घर 'लाहरी हाउस' से उनका पार्थिव शरीर विले पार्ले के पवन हंस स्थित श्मशान घाट लेकर जाया गया। जहां बप्पी दा पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बेटे बप्पा लहरी ने उनको मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था। बता दें कि बप्पा अमेरिका में थे, जिसके बाद बुधवार देर रात को वो मुंबई पहुंचे थे।

बॉलीवुड में दी डिस्को को पहचान
बप्पी लहरी का कोलकाता में 27 नवंबर, 1952 को जन्म हुआ था। उनके पिता अपरेश लहरी और मां बंसुरी लहरी दोनों ही संगीतकार थे। बप्पी उनके अकेले बेटे थे। गीत के प्रति रूचि उनकी बचपन से ही थी। बप्पी दा ने कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया है। उनकी पहचान उन गायकों में होती है, जिन्होंने बॉलीवुड में डिस्को को पहचान दी। उन्होंने कई गाने भी गाए , जिनमें तुम्हारा प्यार चाहिए, मुझे जीने के लिए, डिस्को डांसर, शराबी काफी सुपरहिट हुए थे।

'बप्पी दा' को सोने से था विशेष लगाव
'डिस्को किंग' बप्पी दा संगीत के अलावा उनके गोल्ड के प्रति लगाव को लेकर भी हमेशा सुर्खियों में रहते थे। उनके गले में कई सारी मोटी-मोटी चेन, हाथों में भारी भरकम कड़े और कई अंगूठियों में हमेशा रहती थी। 2014 की एक रिपोर्ट के मुताबिक उनके पास 750 ग्राम सोने के आभूषण है। हालांकि अब आठ सालों में उनके इस गोल्ड कलेक्शन में संभवत: इजाफा हुआ होगा।












Click it and Unblock the Notifications