100 करोड़ क्लब में शामिल हुई अक्षय-कैटरीना की 'सूर्यवंशी', जानें पांचवे दिन कमाए कितने करोड़
मुंबई, 10 नवंबर: अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म 'सूर्यवंशी' कमाई के मामले में काफी अच्छा कर रही है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी ये फिल्म दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को रिलीज हुई है। बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करते हुए यह फिल्म पहले पांच दिन में ही 100 करोड़ी क्लब में शामिल हो गई है। कोरोना महामारी के बाद ये पहली बार है, जब कोई फिल्म इतने बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

पांचवे दिन की कमाई
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने बताया है कि बीते हफ्ते शुक्रवार को रिलीज हुई सूर्यवंशी ने पांचवे दिन यानी मंगलवार को कुल 11.22 करोड़ का कलेक्शन किया है। जिसके बाद फिल्म की कुल कमाई 102.81 करोड़ हो गई है। यानी फिल्म ने 100 की कमाई वाले खास क्लब में जगह बना ली है। आदर्श ने कहा है कि फिल्म पहले हफ्ते में करीब 120 करोड़ की कमाई कर लेगी।

बॉक्स ऑफिस पर गिरा है ग्राफ
सूर्यवंशी की कमाई का ग्राफ शुक्रवार को तगड़ी ऑपनिंग के बाद नीचे आया है। फिल्म ने रिलीज के दिन शुक्रवार को (5 नवंबर) को 26.29 करोड़ की कमाई की थी। शनिवार को फिल्म ने 23.85 करोड़ कमाए थे। तीसरे दिन रविवार होने के चलते फिल्म की कमाई बढ़ी थी। रविवार को फिल्म ने 26.94 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद सोमवार को 14.51 करोड़ और पांचवे दिन यानी मंगलवार को 11.22 करोड़ का कलेक्शन किया है।

गुजरात महाराष्ट्र में की है अच्छी कमाई
सूर्यवंशी ने कुछ राज्यों खासतौर से गुजरात और महाराष्ट्र में बढ़िया कमाई की है। वहींदिल्ली और पंजाब में फिल्म की कमाई अपेक्षाकृत कम रही है। उत्तर भारत में भी फिल्म को गुजरात और महाराष्ट्र की तरह रिस्पॉन्स नहीं मिला है। बता दें कि फिल्म को समीक्षकों ने काफी सराहा है। वहीं ज्यादातर मनोरंजन वेबसाइटों ने भी फिल्म को 'पैसा वसूल' कहा है।

काफी बड़े पैमाने पर हुई है रिलीज
सूर्यवंशी को पिछले साल रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोविड की वजह से फिल्म की रिलीज को टाल दिया गया था। आखिरकार फिल्म बीते हफ्ते यानी 5 नवंबर को थिएटरों में रिलीज हुई है। रोहित शेट्टी ने फिल्म को बड़े पैमाने में रिलीज किया है। ये फिल्म पांच हजार से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज हुई है। रोहित शेट्टी निर्देशित इस फिल्म में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ लीड रोल में हैं। वहीं रणवीर सिंह और अजय देवगन का फिल्म में कैमियो है। इसके अलावा गुलशर ग्रोवर भी हैं।

क्या है फिल्म की कहानी
इस फिल्म में अक्षय कुमार एटीएस चीफ के रोल में हैं। फिल्म की कहानी एंटी टेरर ऑपरेशन पर है। अक्षय पर मुंबई को आतंकी हमले से बचाने की जिम्मेदारी है। 1993 में मुंबई में हुए बम धमाके में एक टन आरडीएक्स आया। उसमें से 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया। इसकी खोज की जाती है कि बाकी 600 किलो आरडीएक्स कहां है। इसी के इर्दगिर्द ये फिल्म है।












Click it and Unblock the Notifications