'Aishwarya Rai तुम्हारी इमेज बर्बाद कर दूंगा', फिल्ममेकर ने मिस वर्ल्ड को दी चेतावनी, कही थी ऐसी बात
Aishwarya Rai: सुभाष घई (Subhash Ghai) की फिल्म 'ताल'(Taal) हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल है, जिसे आज भी शानदार म्यूजिक, बेहतरीन कहानी और स्टारकास्ट के लिए याद किया जाता है। एआर रहमान (AR Rahman) के म्यूजिक ने फिल्म को खास पहचान दिलाई थी। वहीं इस फिल्म में ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना (Akshaye Khanna) की जोड़ी भी दर्शकों को काफी पसंद आई थी।
सुभाष घई ने ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना को क्यों चुना?
साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'ताल' के वक्त ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना, दोनों ही कलाकार अपने करियर के शुरुआती दौर में थे और उनके खाते में बहुत ज्यादा फिल्में नहीं थीं। इसके बावजूद बॉलीवुड के फेमस फिल्ममेकर सुभाष घई ने एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए दोनों पर भरोसा जताया। हाल ही में सुभाष घई ने 'ताल' की कास्टिंग से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए और बताया कि ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना को चुनने के फैसले को लेकर उस समय किस तरह के सवाल उठे थे।

विनोद खन्ना बेटे अक्षय को लेकर पहुंचे थे सुभाष घई के पास
-अक्षय खन्ना की कास्टिंग को याद करते हुए सुभाष घई ने बताया कि उस वक्त अक्षय खन्ना अपने करियर के शुरुआती चरण में थे। उनके पिता और दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना ही उन्हें सुभाष घई के पास लेकर आए थे।
-फिल्ममेकर ने बताया कि विनोद खन्ना ने अपने बेटे को फिल्म में लेने की सलाह दी थी। पहली मुलाकात में ही अक्षय डायरेक्टर को पसंद आ गए थे। सुभाष घई के मुताबिक, अक्षय उन्हें गंभीर और प्रभावशाली व्यक्तित्व वाले कलाकार लगे और उन्हें लगा कि वह फिल्म के किरदार के लिए सही रहेंगे।
सरोज खान की सलाह पर मिली थीं ऐश्वर्या राय
-वहीं ऐश्वर्या राय को फिल्म में लेने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। उस समय ऐश्वर्या राय मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी थीं और मॉडलिंग व कॉस्मेटिक्स की दुनिया में उनकी अलग पहचान बन चुकी थी। सुभाष घई को ताल मूवी के लिए ऐसी एक्ट्रेस की तलाश थी, जो एक्टिंग के साथ-साथ डांस में भी स्ट्रॉन्ग हो। इसी सिलसिले में उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान से सलाह ली थी।
-सुभाष घई ने बताया कि जब उन्होंने सरोज खान से पूछा कि माधुरी दीक्षित के अलावा फिल्म के लिए किस एक्ट्रेस पर विचार किया जा सकता है, तो उन्होंने ऐश्वर्या राय का नाम सुझाया था। उस वक्त फिल्म के लिए कुछ नामों पर चर्चा चल रही थी लेकिन सरोज खान की सलाह के बाद ऐश्वर्या राय फिल्ममेकर की पसंद बन गईं।
ऐश्वर्या की ग्लैमरस इमेज बदलना चाहते थे सुभाष घई
-सुभाष घई ने बताया कि ऐश्वर्या राय की मिस वर्ल्ड बनने की वजह से उनकी एक खास ग्लैमरस इमेज बन चुकी थी लेकिन ताल मूवी में वो हीरोइन को बिल्कुल अलग अंदाज में पेश करना चाहते थे। उनका मकसद था कि दर्शक ऐश्वर्या राय को सिर्फ एक ग्लैमरस चेहरा न समझें बल्कि उनके किरदार और अभिनय को भी महसूस करें। इसलिए उन्होंने एक्ट्रेस के लुक को लेकर शुरुआत से ही एक अलग योजना बनाई थी।
-सुभाष घई ने एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने ऐश्वर्या से साफ कह दिया था कि फिल्म के शुरुआती हिस्से में वह बिना मेकअप के नजर आएंगी। फिल्ममेकर के मुताबिक उन्होंने ऐश्वर्या से यहां तक कहा था कि वह उनकी बनी-बनाई इमेज को बदलना चाहते हैं। वह उनके इमेज को बर्बाद करना चाहते हैं।
-सुभाष घई ने बताया कि कॉस्मेटिक्स और पेजेंट की दुनिया से जुड़ने के कारण ऐश्वर्या की एक खास पहचान बन गई थी। वह चाहते थे कि फिल्म में उनका किरदार उस ग्लैमरस छवि से बिल्कुल अलग नजर आए। ऐश्वर्या ने भी इस फैसले पर भरोसा जताया और निर्देशक के विजन के मुताबिक काम करने के लिए तैयार हो गई थीं।
फिल्म 'ताल' ने जमकर चलाया था जादू
-साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'ताल' एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा थी, जिसके राइटर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर सुभाष घई थे। फिल्म में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
-फिल्म का म्यूजिक एआर रहमान ने तैयार किया था और इसके गाने आज भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं। 'ताल' ने भारत के साथ-साथ विदेशों के बॉक्स ऑफिस में भी बड़ी सफलता हासिल की थी। इस फिल्म ने ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना के करियर को भी एक नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाई थी।


Click it and Unblock the Notifications
