ट्रोलिंग से परेशान होकर स्वरा भास्कर पहुंचीं दिल्ली पुलिस के पास, दो लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने दिल्ली पुलिस में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि दोनों विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनको स्टॉक और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हैं। इस वजह से मजबूरन उन्हें पुलिस के पास जाना पड़ा। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज पुलिस स्टेशन ने एक्ट्रेस की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

डीसीपी (साउथ-वेस्ट) गौरव शर्मा ने कहा कि बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने रविवार को शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही आरोप लगाया कि एक ट्विटर यूजर और एक यूट्यूब इन्फ्लुएंसर उनके खिलाफ कुछ संदेश और पोस्ट वायरल कर रहे हैं। इन पोस्ट्स का मकसद उनकी छवि खराब करना और उन्हें बदनाम करना है। उनकी एक फिल्म के संबंध में कुछ हैशटैग भी ऑनलाइन इस्तेमाल किए जा रहे। इस पर आईपीसी की धारा 354डी (पीछा करना), 509 (महिला का अपमान करना) और आईटी एक्ट की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है।
इंटरव्यू में कही थीं ये बातें
हाल ही में एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने ऑनलाइन हेटिंग का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि ये जो ऑनलाइन हेटिंग है, ये अब मेरी पहचान बन गई है। उनको टारगेट करके एक कैंपेन चलाया जा रहा है। साथ ही उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर नफरत फैलाई जा रही। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि स्वरा चुप हो जाए, डर के रहे, लेकिन मैं विरोध करना जारी रखूंगी।
सरकार विरोधी रहता है रुख
स्वरा भास्कर ट्विटर पर बहुत ज्यादा सक्रिय हैं, जहां पर वो हर मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया रखती हैं। आमतौर पर उनका रुख सरकार विरोधी ही रहता है। पिछले कई दिनों से वो किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी बवाल को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications