राजनीति में आने के सवाल पर कंगना रनौत की हां, बताया कब करेंगी एंट्री
मुंबई, 10 सितंबर: एक्ट्रेस कंगना रनौत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म थलाइवी आज रिलीज हुई है। इस फिल्म में कंगना ने तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता का रोल किया है। पर्दे के अलावा भी कंगना राजनीति को लेकर बात करती रहती हैं। बीजेपी के पक्ष में अक्सर ही उनके बयान आते रहते हैं। ऐसे में फिल्म के बारे में बात करने के दौरान कंगना से उनके राजनीति में आने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो राजनीति में आएंगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वो राजनीति में एंट्री तभी लेंगी, जब लोग चाहेंगे।

लोगों ने चाहा तो राजनीति में आऊंगी
दिल्ली में गुरुवार को कंगना ने थलाइवी फिल्म को लेकर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान कंगना से राजनीति में एंट्री करने को लेकर हुए सवाल पर कहा, मैं नेता बन सकती हूं या नहीं यह मेरे हाथ में नहीं है। इसके लिए लोगों के समर्थन की जरूरत होगी। लोगों के बिना आप कोई छोटा सा चुनाव भी नहीं जी सकते हैं। भविष्य में अगर लोग चाहेंगे और मुझे चुनेंगे तो मैं निश्चित रूप से राजनीति में पसंद करूंगी।

मैं एक राष्ट्रवादी हूं
कंगना ने कहा, मैं एक राष्ट्रवादी हूं और देश से जुड़े मुद्दों पर बात करती हूं। लोगों को लगता है कि मैं राजनीतिक मुद्दों के बारे में बात करती हूं। मैं एक जिम्मेदार नागरिक हूं और एक ऐसे व्यक्ति के रूप में बात करती हूं, ना कि नेता के तौर पर मैं अपनी बात रखती हूं। फिर भी मैं कहूंगी कि अगर राजनीति में आई तो ये सिर्फ इसलिए होगा क्योंकि लोग मुझे चाहते हैं, या फिर मेरे पास वह क्षमता है। अभी तो मैं अभिनेत्री के तौर पर काम करके ही खुश हूं।

आज रिलीज हुई है थलाइवी
कंगना रनौत की फिल्म थलाइवी आज (10 सितंबर) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया गया है। ये फिल्म काफी समय से कोरोना की वजह से अटकी हुई थी। अब ये रिलीज हुई है। फिल्म में कंगना ने एक्ट्रेस से राजनीति में आईं और फिर तमिलनाडु की सीएम बनीं जे जयललिता की भूमिका निभाई है।












Click it and Unblock the Notifications