करोड़ों की कमाई, लेकिन फिर भी आमिर खान को आज तक है इस बात का पछतावा, जानिए क्या?
आमिर खान ने करण जौहर के शो कॉफी विद करण में अपने बच्चों इरा खान और जुनैद खान के साथ समय नहीं बिताने के बारे में बातचीत की।
मुंबई, 5 अगस्त: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म लाल सिंह चड्ढा को लेकर चर्चा में हैं। आए दिन एक्टर अपनी फिल्म का जोरों शोरों से प्रमोशन कर रहे हैं। जिसके लिए हाल ही में वह करण जौहर के शो कॉफी विद करण में अपनी सह कलाकार करीना कपूर के साथ पहुंचे। इस दौरान अभिनेता ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कईं बड़े खुलासे किए।

आमिर खान ने किया बड़ा खुलासा
आमिर खान हमेशा अपनी फिल्मों के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। सुपरहिट फिल्मों में काम कर आज वह एक सुपरस्टार की गिनती में आते हैं। लेकिन इस कड़ी मेहनत के पीछे एक्टर कईं बार अपने बच्चों से भी नहीं मिल पाते। अब इसी पर आमिर खान ने खुलासा कर बताया कि, उन्हें अपने बच्चों - बेटी इरा खान और बेटे जुनैद खान के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताने का पछतावा है।

आमिर को है इस बात का पछतावा
करण जौहर ने जब आमिर खान से उनके पारिवारिक संबंध के बारे में पूछा तो एक्टर ने जवाब में कहा कि, "मैंने 18 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। मैंने अपना पूरा जीवन काम के लिए समर्पित कर दिया। मुझे लगा मैंने अपने रिश्तों को अपने काम की तरह पोषित नहीं किया। मुझे एहसास हुआ कि मैंने इरा और जुनैद के साथ इतना समय नहीं बिताया है जब वे बच्चे थे"।

'मैं एक बदला हुआ व्यक्ति हूं'
आमिर खान ने आगे कहा कि, 'अब पिछले महीनों में मैं एक बदला हुआ व्यक्ति हूं। मैं अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताता हूं , मेरे बच्चे, किरण के माता-पिता, रीना के माता-पिता, मेरी माँ, बहन और भाई। मैं अपने काम की कीमत पर उनके साथ अधिक समय बिताना पसंद करता हूं। लेकिन उस समय, मैं जो कर रहा था, उसका पालन करना मेरे लिए बहुत ही जुनून था।"

'रीना और किरण अद्भुत लोग हैं'
जब करण जौहर ने आमिर से पूछा कि क्या उन्हें इसके लिए पछतावा है? तो आमिर ने जवाब में कहा कि, 'मैं इस सब की कीमत अदा करने के लिए उन सबके साथ अधिक समय बिताना पसंद करूंगा'। इसके बाद करण जौहर ने आमिर खान को याद दिलाया कि, उन्होंने कहा था कि उन्होंने अपने दर्शकों को अपने परिवार से अधिक महत्व दिया है। इसका जवाब देते हुए आमिर ने कहा कि, 'रीना और किरण अद्भुत लोग हैं इसलिए हमारे रिश्ते में कोई कड़वाहट नहीं थी'।

'हम हर हफ्ते एक बार जरूर मिलते हैं'
आमिर खान ने आगे कहा कि, किरण और रीना के लिए मेरे मन में सबसे ज्यादा आदर और सम्मान है। हम हमेशा एक परिवार की तरह रहेंगे। हम चारों - रीना, किरण, इरा, जुनैद - हम हर हफ्ते एक बार जरूर मिलते हैं।"

आमिर खान की अपकमिंग फिल्म
बता दें कि, आमिर खान इन दिनों अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा को लेकर सुर्खियों में हैं। ये फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म में आमिर खान के साथ एक बार फिर करीना कपूर स्क्रीन शेयर करेंगी। दोनों को आखिरी बार फिल्म 3 इडियट्स में साथ देखा गया था। अब देखना होगा कि, इस फिल्म में दोनों की कैमिस्ट्री फैंस को कितनी पसंद आती है।












Click it and Unblock the Notifications