Mahadev Book के खिलाफ ऑपरेशन हंटर, दुर्ग पुलिस के हत्थे चढ़ा नसीमुद्दीन, पत्नी के खाते में करोड़ों के लेन देन
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन बेटिंग एप महादेव बुक के पैनल संचालकों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने इस बार मेडिकल संचालक नसीमुद्दीन को पकड़ा है। जिसने कई बड़े खुलासे किए हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद ऑनलाइन बैटिंग एप महादेव बुक व रेड्डी अन्ना ऐप के संचालकों को पुलिस अब छोड़ने के मूड में नहीं है। इन सभी के मास्टमाइंड तक पहुंचने दुर्ग पुलिस ने रोड मैप तैयार कर लिया है। इस बार पुलिस ने इस कारोबार में संलिप्त नसीमुद्दीन को पकड़ा है। जिसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। वहीं नसीम की पत्नी के खाते से 6 करोड़ रुपये का लेनदेन का पता चला है।

फर्जी खाते खुलवाकर कमीशन का लालच देता था आरोपी
पुलिस के अनुसार आम्रपाली हाउसिंग बोर्ड निवासी नसीमुद्दीन को लेकर पुलिस ने कई जानकारी इकठ्ठा कर ली थी। जगदलपुर ब्रांच और कई ऑपरेटरों ने नसीमुद्दीन का नाम पुलिस को बताया था। वहीं नसीमुद्दीन का सम्पर्क सीधे मास्टर माइंड सौरभ चन्द्राकर से निकला। जिससे वह करोड़ो की कमाई कर रहा था। कई लोगों को धोखे में रखकर उनके खाते खुलवाए और उन खातों का इस्तेमाल महादेव बुक के पैसे ट्रांजेक्शन के लिए किया। इसके बदले खाताधारकों को कमीशन का लालच दिया करता था।

भिलाई के नगर निगम में पम्प ऑपरेटर चाचा से है सम्पर्क
इस बार नसीम ने पुलिस को बताया है, सौरभ चन्द्राकर के चाचा और भिलाई निगम में बर्खास्त पम्प ऑपरेटर दिलीप चन्द्राकर से उसे सौरभ का नम्बर मिला फिर उसने पैनल चलाने का काम शूरू कर दिया। इसके साथ ही उसने कई लोगों को पैनल भी दिलवाए। नसीम ने सौरभ को धोखा देने वालों से पैसे वसूली करके देने का वादा किया था। जिसके लिए वो एक गैंग बनाने जा रहा था। लेकिन इस बार पुलिस उसका प्लान फेल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से सौरभ से बातचीत की कई ऑडियो क्लिप बरामद की है।

महादेव बुक के पैसों का होता था ट्रांजेक्शन
इस संबंध में एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने आज खुलासा करते हुए बताया कि 11 दिसंबर को थाना भिलाई भट्ठी एवं एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को सूचना मिली कि नसीमुद्दीन पिता फखरूद्दीन द्वारा अनेक व्यक्तियों को विश्वास में लेकर धोखे से बैंक खाता खुलवाया गया है। जिसमें कई जगहों से पैसों का ट्रांजेक्शन हो रहा है। इन खाते का दुरूपयोग महादेव बुक, रेड्डी अन्ना आदि ऑनलाईन बेटिंग कारोबार में कर रहा था। इस मामले में कई पीड़ित भी सामने आए थे। जिनकी शिकायत पर नसीमुद्दीन के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया और उसकी तलाश शुरू की गई।।

मेडिकल दुकान की आड़ में खुलवाया फर्जी खाता
एसपी पल्लव ने बताया आरोपी ने अपने मेडिकल दुकान की आड़ में बीते एक साल से कई लोगों के फर्जी खाता खुलवाकर इनका उपयोग महादेव ऑन लाईन सट्टा के पैनल में कर रहा है। आरोपी द्वारा कई पैनल का संचालन नागपुर एवं कोलकाता में किया जा रहा था। इस काम के लिए आरोपी ने 15 व 20 हजार रुपए के मासिक वेतन पर ऑपरेटर लगाए थे।

पत्नी के खाते में मिला 6 करोड़ का बैलेंस
आरोपी नसीमुद्दीन अपनी पत्नी के खातों का उपयोग भी इस काम में कर रहा था। पुलिस ने जब आरोपी के पत्नी के खातों की जांच की तो उसमें 6 करोड रुपए के लेनदेन का हिसाब मिला है। आरोपी के पास से 22 बैंक खाते, 1 लैपटॉप, 2 मोबाईल, 5 चेकबुक, 1 पासबुक, 2 एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
यह भी पढ़ें,, Mahadev App के पैनल संचालक सतनाम सिंह ने किया सरेंडर, पांच राज्यों में संचालित करता था पैनल












Click it and Unblock the Notifications