सरगुजा कलेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर के बीच विवाद, लेटर हुआ वायरल, जनसूचना अधिकारी हो रहे एकजुट
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जनसंपर्क विभाग के उप संचालक का एक लेटर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। यह लेटर जनसंपर्क अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष को लिखा गया है। इस पत्र मेे कलेक्टर पर कई आरोप लगाए गए हैं।
अम्बिकापुर, 06 अगस्त। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जनसंपर्क विभाग के उप संचालक का एक लेटर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। यह लेटर जनसंपर्क अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष को लिखा गया है जिससे पता चलता है कि सरगुजा में कलेक्टर कुंदन कुमार और जनसम्पर्क अधिकारियों के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। इस लेटर के वायरल होते ही प्रदेश के जनसंपर्क अधिकारियों में चर्चा भी शुरु हो गई है। इस विवाद के चलते कलेक्टर कुंदन कुमार ने जनसूचना अधिकारी सुखसागर वारे को सरगुजा जिले के सीतापुर अनुविभागीय कार्यालय में अटैच कर दिया था लेकिन विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपना आदेश निरस्त कर दिया है।

कलेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर के बीच तनाव
दरअसल सरगुजा कलेक्टर और सहायक संचालक जनसंपर्क अधिकारी के बीच तनाव की स्थिति निर्मित हो गयी है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक सूचना अधिकारी सुखसागर बारे और सहायक संचालक दर्शन सिंह सिदार ने जनसम्पर्क अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार के द्वारा समाचार कवरेज को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाया है। दोनो अधिकारियो के द्वारा संघ के अध्यक्ष को भेजा गया पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।

सरगुजा जिले सहित प्रदेश भर में वायरल हो रहे इस आवेदन पत्र में जनसूचना अधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को कलेक्टर कुंदन कुमार की शिकायत करते हुए लिखा है कि 2 अगस्त को कलेक्टर के द्वारा महिला बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए बयान के आधार पर समाचार जारी किया गया था। लेकिन कलेक्टर ने उस खबर को बाद में असत्य बताया। कलेक्टर ने उस खबर को असत्य बताकर उनके खिलाफ साजिश रचने के आरोप जिला पीआरओ पर लगाए हैं।
कार्यालय बुलाकर अधिकारियों को लगाई फटकार
वायरल पत्र के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि इसी क्रम में अगले दिन 3 अगस्त को दोनो अधिकारियों को कलेक्टर कार्यालय में बुलाकर समाचार कवरेज को लेकर गाली गलौज करते हुए बोला गया कि "तुम लोग कलेक्टर का पावर नहीं जानते, अगर मुझे गुस्सा आ गया तो तुम लोग कहीं नहीं दिखोगे ,तुम लोग केवल सीएम का काम करते हो और मेरे खिलाफ साजिश रचते हो" इन शब्दों का प्रयोग करते हुए इस तरह की बाते बोलकर अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल किया गया।

जनसूचना अधिकारी को कर दिया था सीतापुर अटैच
इस विवाद के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने सहायक सूचना अधिकारी सुखसागर वारे को सीतापुर अनुविभागीय कार्यालय में अटैच कर दिया था। इस बात को लेकर दोनों अधिकारियों ने जनसंपर्क अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष से गुहार लगाई थी जिसके बाद कलेक्टर कुंदन कुमार बैकफुट पर आए और अब इस आदेश को निरस्त कर दिया है।
लेटर के वायरल होते ही जनसूचना अधिकारी हुए एकजुट
सरगुजा जिले में कलेक्टर और सहायक सूचना अधिकारी व सहायक संचालक द्वारा लिखे गए इस आवेदन की प्रति सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रदेश भर में जनसम्पर्क अधिकारी संघ एकजुट होता दिख रहा है। ख़बर यह भी है कि अन्य जिले में भी कुछ ऐसी शिकायते मिल रही थी। हांलाकि इनके अलावे किन्ही अन्य का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है। बहरहाल इस मामले में कलेक्टर कुंदन कुमार के द्वारा अभी तक आधिकारिक रूप से कोई बयान नही दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications