Chhattisgarh: कांग्रेसी नेता को उठाकर ले गए थे नक्सली, मंत्री लखमा ने भाजपा नेताओ से मांगा सबूत
Chhattisgarh के उद्योग मंत्री कवासी लखमा अपने अलग ही अंदाज के लिए जाने जाते हैं। मंत्री कवासी लखमा छत्तीसगढ़ प्रोफेशनल कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने भिलाई पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने बीजापुर के कांग्रेसी नेता को नक्सलियों के साथ पकड़े जाने पर एक बयान दिया। मंत्री लखमा ने भाजपा नेताओं के आरोपो को खारिज करते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब, आदिवासी, पिछड़ों के लिए काम कर रही है। अच्छी योजनाएं बना रही है। जिसके कारण नक्सली घटनाओं में कमी आई है।

कांग्रेसी नेता को नक्सलियों ने किया था किडनैप: लखमा
भिलाई पहुंचे उद्योग व आबकारी मंत्री लखमा ने नक्सलियों के साथ पकड़े गए कांग्रेसी नेता के बारे में सवाल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हमारे पास दूसरी जानकारी आई है। वर्तमान में वह कांग्रेस के किसी पद पर नहीं हैं। जिस कांग्रेसी नेता को नक्सलियों के साथ पुलिस ने पकड़ा है दरअसल उसे नक्सली उठाकर ले गए थे। कांग्रेसी नेता के भाई ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि भाजपा के नेता बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, अगर उनके पास कोई सबूत है ,तब वे आरोप लगाएं।

सीएम भूपेश के नेतृत्व में हो रहा काम, नक्सली हमलों में आई कमी
कवासी लखमा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व के कारण प्रदेश में नक्सल समस्या दूर हो रही है। नक्सली सिमट कर एक कोने में पहुंच गए है। छत्तीसगढ़ सरकार का एक ही मंत्र है विकास, विश्वास व सुरक्षा। प्रदेश में चौतरफा विकास हो रहा है। सरकार गांव गरीब किसान के लिए काम कर रही है वही आदिवासी क्षेत्रों में 65 प्रकार के वनोपज की खरीदी की जा रही है। आदिवासी इलाकों में शिक्षा स्वास्थ्य पर अच्छा काम हो रहा है, वनाधिकार पट्टा, और तेंदूपत्ता के दाम बढ़ाने से किसान समृद्ध हो रहें हैं। इसलिए अब नक्सली हमलों में कमी आई है।
केंद्र पर बोला हमला, कहा, उद्योगों को बेच रही केंद्र सरकार
वहीं इस दौरान मंत्री कवासी लखमा ने केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार लगातार बडे उद्योगों को बेचने काम कर रही है। हमारी सरकार स्थानीय उद्योगपतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हमने नगरनार प्लांट को बसाने का काम किया 95 फीसदी काम हो गया है लेकिन केन्द्र सरकार की अनुमति नहीं मिल पा रही है। केन्द्र की मोदी सरकार देश भर में बड़े उद्योगों को बेचने का काम कर रही है। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार उद्योगों को बसाने का काम कर रही है।

तेलंगाना पुलिस ने दो महिला नक्सलियों को किया था गिरफ्तार
तेलंगाना पुलिस ने 9 अक्टूबर को दो हार्डकोर महिला नक्सलियों के साथ तीन नक्सली समर्थकों को गिरफ्तार किया है। नक्सली समर्थकों में छत्तीसगढ़ के बीजापुर का एक कथित कांग्रेसी नेता भी शामिल है। केजी सत्यम दोनों महिला नक्सली केजी सत्यम के साथ इलाज कराने बीजापुर से वारंगल जा रहा था। हालाकि भाजपा द्वारा केजी सत्यम को भोपालपटनम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का महामंत्री बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर तेलंगाना की टास्क फोर्स और हनुमकोंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर दो महिला नक्सलियों के साथ तीन नक्सली समर्थकों केजी सत्यम, गुड्डी गोपाल, असम सोहेन को गिरफ्तार कर किया था।












Click it and Unblock the Notifications