Weather Update: दिल्ली-NCR समेत यूपी-बिहार में बदला मौसम का मिजाज! जानें कहां आज बारिश के आसार?
Weather Update: 11 अप्रैल की शाम को जैसे ही दिल्लीवालों ने राहत की सांस ली, वैसे ही आसमान ने अपना रंग बदल लिया। सुबह का मौसम तो काफी सुहावना रहा, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। लेकिन शाम को गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं ने अचानक मौसम की तस्वीर ही बदल दी।
कुछ इलाकों में तो तापमान में सीधा 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर हवाएं 74 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलीं, वहीं उजवा में तो ये रफ्तार 84 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। इस वजह से कई जगहों पर पेड़ गिर गए, ट्रैफिक रुका और लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने इस तेजी से बदलते मौसम को देखते हुए 11 अप्रैल की शाम को ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था। अब सवाल यह है कि आज कैसा रहेगा मौसम? क्या आज भी बारिश और तेज हवा? जानें...

Delhi Weather Update: कैसा रहेगा दिल्ला का मौसम?
मौसम विभाग ने 12 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। आज भी हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 20 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। राजधानी के नरेला इलाके में 5 मिमी और पालम में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पेड़ गिरने और जलभराव की कई शिकायतें भी सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक शाहदरा, रोहिणी और उत्तरी दिल्ली के कई हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं।
अगर आने वाले दिनों की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि 13 अप्रैल तक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन, 15 अप्रैल से गर्मी फिर वापसी करेगी। तापमान 40 डिग्री पार कर सकता है और 17 अप्रैल तक लू चलने की भी आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने चेताया है कि 18 अप्रैल से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जो 21 अप्रैल तक असर दिखाएगा। यानी आने वाले दिनों में एक बार फिर बारिश और ठंडक लौट सकती है।
42 विमान डाइवर्ट
तेज हवाओं का असर सिर्फ सड़कों पर नहीं बल्कि हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। IGI एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले या वहां लैंड करने वाले 42 विमानों को दूसरी जगह डाइवर्ट करना पड़ा। इनमें से कुछ जयपुर, लखनऊ, देहरादून और वाराणसी भेजे गए।
UP Weather Update: UP में कैसा रहेगा आज मौसम?
उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग जो पिछले कुछ हफ्तों से भीषण गर्मी से परेशान थे, उन्हें अब राहत मिलती दिख रही है। मौसम ने अचानक करवट ली है और ठंडी हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। राजधानी लखनऊ में तो बीती रात से ही ठंडी हवाएं चलने लगी थीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई जगहों पर तेज आंधी चलने और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Bihar Rain Alert: बिहार में बारिश?
बिहार की बात करें तो वहां भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। कई गांवों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की गई है कि वो सुरक्षित जगहों पर रहें और बिना ज़रूरत घर से बाहर ना निकलें। IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव अब थोड़ा कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन उससे जुड़ी चक्रवातीय गतिविधियां अब भी एक्टिव हैं। एक ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश से झारखंड होते हुए बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है। साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3.1 किमी ऊंचाई तक, और पूर्वोत्तर असम के ऊपर 1.5 किमी की ऊंचाई तक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications