Weather: दिल्ली में गिरेगा तापमान, 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, जानिए मौसम का हाल
Weather Update: दिल्ली में फरवरी के महीने में तापमान में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। इस समय फरवरी के मौसम में ही मार्च जैसी तेज धूप का सामना दिल्लीवालों को करना पड़ रहा था, लेकिन अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव आ सकता है। हल्की बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री या उससे ज्यादा बढ़ा। सफदरजंग मौसम केंद्र में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा रहा। दिन के समय में तेज धूप के कारण लोग हल्के कपड़े पहनने लगे हैं, लेकिन शाम के समय हल्की ठंड बनी हुई है।

5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारत के विभिन्न हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 18 से 19 फरवरी के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में तापमान में गिरावट आई है।
ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
पूर्वोत्तर भारत में चक्रवातीय गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जिससे 18 से 21 फरवरी तक भारी बारिश हो सकती है। कुछ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 18 से 21 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
अगले कुछ दिन बदलेगा मौसम
दिल्ली में 18 फरवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications