दिल्ली: जहांगीरपुरी इलाके में देर रात फिर से पथराव, कई गाड़ियों के शीशे टूटे
नई दिल्ली, 8 जून: राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार देर रात को फिर से दहशत का माहौल बन गया, जहां कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की। आनन-फानन में पहुंची पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। शुरू में इस घटना को सांप्रदायिक एंगल दिया जा रहा था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्ष एक ही समुदाय के थे, ऐसे में इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक I ब्लॉक में एक पक्ष के कई लोग इकट्ठा हो गए थे, जिसके बाद वहां पर जमकर हंगामा हुआ। जांच में पता चला कि जहीर नाम का लड़का अपने साथियों के साथ इलाके में पहुंचा था। उसको दो युवकों की तलाश थी, लेकिन वो नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू किया, तो उन्होंने उनके साथ भी बदतमीजी की।
बहुत से लोग इसे सांप्रदायिक घटना बता रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उससे इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी युवक नशे में थे। उनको कुछ लड़कों की तलाश थी, जब वो नहीं मिले तो उन्होंने पथराव किया। जिससे तीन वाहनों के शीशे टूट गए। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। वहीं घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो रहा है।
हनुमान जयंती पर हुआ था बवाल
आपको बता दें कि 16 अप्रैल को हनुमान जयंती पर शोभा यात्रा निकाली गई थी। जब यात्रा जहांगीरपुरी पहुंची तो उस पर अराजक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें 8 पुलिसकर्मियों समेत 9 लोग घायल हुए। घटना के बाद कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिनमें से 5 पर एनएसए लगाया गया है।











Click it and Unblock the Notifications