कोविड-19 अनलॉक की प्रक्रिया के तहत दिल्ली में सोमवार से खुल सकते हैं स्टेडियम और खेल परिसर
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा पाबंदियों में दी जा रही छूट के अगले दौर के तहत दिल्ली में सोमवार से स्टेडियम और खेल परिसर फिर से खुलने की संभावना है।
नई दिल्ली, 3 जुलाई। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा पाबंदियों में दी जा रही छूट के अगले दौर के तहत दिल्ली में सोमवार से स्टेडियम और खेल परिसर फिर से खुलने की संभावना है। डीडीएमए ने दिल्ली मेट्रो में लगी पाबंदियों को कम से कह एक हफ्ते के लिए हटाने का फैसला किया है। हालांकि डीडीएमए ने इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है। वहीं, सूत्रों ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री कार्यालय या उपराज्यपाल सचिवालय डीडीएमए की सिफारिशों को मंजूरी नहीं दे देते। तब तक कोचों में 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ ही मेट्रो का संचालन होगा।

एक अधिकारी ने अपने बयान में कहा, 'अभी के लिए, सोमवार से स्टेडियम और खेल परिसर फिर से खुलेंगे। किसी अन्य छूट की सिफारिश नहीं की गई है। हालांकि, अंतिम आदेश में बदलाव हो भी सकता है और नहीं भी।' बता दें कि पिछले सप्ताह दिल्ली में जिम, योग संस्थान, बैंक्वेट हॉल को खोलने की अनुमति दी गई थी।हालांकि स्पा, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स आदि को अभी बंद ही रखा जाएगा। स्वीमिंग पूल को भी फिलहाल बंद ही रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 86 नए मामले, एक्टिव केस घटकर 1016 हुए
दिल्ली मेट्रो में लगी पाबंदियों को हटाने के सवाल पर एक अधिकारी ने कहा कि डीएमआरसी की दलील में दम है, लेकिन मेट्रो में लगी पाबंदियों में ढील देने से स्टेशनों और मेट्रो में भीड़ बढ़ेगी। अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए लोगों से सार्वजनिक अपील कर मेट्रो को व्यवस्था को बेहतर तरीके से मैनेज करना होगा।
बता दें कि दिल्ली मेट्रो के कोच वर्तमान में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चलाए जा रहे हैं। यानि कि आठ कोच वाली मेट्रो के एक कोच में जहां 2,400 लोगों को ले जाने की क्षमता होती है उसमें अब केवल 250-300 व्यक्ति ही सफर कर रहे हैं। डीएमआरसी ने 14 जून को दिल्ली सरकार को और ज्यादा ढील देने के लिए पत्र लिखा था।
बता दें कि दिल्ली में 19 अप्रैल से 30 मई के बीच में लॉकडाउन लगाया गया था, वहीं 31 मई से राज्य में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications