Delhi: 'लीक वीडियो' के मामले पर अब हाईकोर्ट जाएगी सत्येंद्र जैन की लीगल टीम
जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले उनका मसाज करवाते हुए वीडियो सामने आया। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि जेल में उनको सही खाना नहीं मिल रहा, इसलिए वजन 28 किलो तक कम हो गया। इस दावे की पोल एक दूसरे वीडियो ने खोल दी, जिसमें वो खाना खाते दिखाई दे रहे। उन्होंने जेल से लीक होने वाले वीडियो के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर उन्हें झटका लगा है।

दरअसल सत्येंद्र जैन के मसाज और खाने के वीडियो मीडिया में लगातार प्रसारित हो रहे। जिस पर उनके वकीलों ने कोर्ट में याचिका दायर की। साथ ही मांग की कि कोर्ट मीडिया को ये निर्देश दे कि वो वीडियो का प्रसारण रोक दें, लेकिन अदालत ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। जैन के वकील ने हाईकोर्ट के एक आदेश का हवाला भी दिया। कोर्ट ने कहा कि ये अधिकार तो हाईकोर्ट के पास है। उनके पास एकतरफा फैसला देने की शक्ति नहीं है। इस पर जैन के वकील ने याचिका वापस लेकर हाईकोर्ट जाने की इजाजत मांगी। सत्येंद्र जैन के वकीलों के मुताबिक वो मामले को हाईकोर्ट ले जा रहे हैं। वो अदालत से अनुरोध करेंगे कि इस मुद्दे की तुरंत सुनवाई हो।
खाने पर भी हुई सुनवाई
वहीं सत्येंद्र जैन के खाने को लेकर कोर्ट ने जेल अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी थी, उसे लेकर वो गुरुवार को पहुंचे। सुनवाई के दौरान जैन के वकील ने कहा कि मेडिकल ऑफिसर की रिपोर्ट के मुताबिक उनके शरीर में कुछ पोषक तत्व कम हैं। इसके लिए उनको एक चार्ट दिया गया है। जिसमें कुछ फलों और सब्जियों का सेवन दो बार करने की सलाह दी गई। कुछ जेल से मिल जा रही थीं, जबकि कुछ वो खरीद रहे थे। वकील ने आरोप लगाया कि 6 नवंबर के बाद जेल प्रशासन ने उनको दी जाने वाली सब्जियों और फलों की सप्लाई रोक दी है।












Click it and Unblock the Notifications