‘मैं मरना नहीं चाहता, मुझे बचा लो...’ मलबे से आती रहीं छात्रों की चीखें, NSUI अध्यक्ष ने सुनाया खौफनाक मंजर

Delhi Satya Niketan Building Collapse Eyewitness Story: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने के बाद मलबे में फंसे छात्रों को बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने दावा किया कि मलबे के नीचे फंसे छात्रों की चीखें सुनाई दे रही थीं और कुछ लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। एक छात्र से बात हुई तो उसने कहा कि मैं मरना नहीं चाहता, मुझे बचा लो। उसके हाथ के पास एक किताब पड़ी थी।

विनोद जाखड़ के मुताबिक, वह घटनास्थल के पास ही मौजूद थे। इसी दौरान NSUI के एक साथी का फोन आया कि उनका एक साथी PG में फंसा हुआ है। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरी इमारत ढह चुकी थी।

satya-niketan-building-collapse-eyewitness

'हमने खुद मलबा हटाकर छात्रों को निकालना शुरू किया'

जाखड़ ने बताया कि उनके पहुंचने के समय उन्होंने अपने स्तर पर मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। उनका दावा है कि शुरुआती प्रयास में तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।

उन्होंने कहा कि इनमें से एक व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका, जबकि दो अन्य लोगों को बाहर निकालने में सफलता मिली। जाखड़ ने इलाके में PG व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि अवैध रूप से संचालित PG और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जाती।

AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजे गए 5 लोग

सत्य निकेतन हादसे को लेकर CATS के नोडल अधिकारी बलराज सिंह ने बताया कि अब तक पांच लोगों को AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घायलों की मौजूदा स्थिति के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती और अस्पताल की ओर से ही स्वास्थ्य संबंधी अपडेट दिया जाएगा।

अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर 17 एंबुलेंसतैनात की गई हैं। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों की ओर से 25 से 30 लोगों के फंसे या हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक मलबे में मौजूद लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।

मेयर ने माना- 'सिस्टम में कई कमियां हैं'

घटनास्थल पर पहुंचे दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि उन्हें हादसे की जानकारी मिलने के कुछ ही समय बाद राहत दल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता मलबे में फंसे बच्चों को सुरक्षित निकालना है। मेयर ने व्यवस्था में कमियों को स्वीकार करते हुए कहा कि इस समय राजनीतिक बहस के बजाय बचाव अभियान को जारी रखना जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने की अपील की।

दीपेंद्र हुड्डा बोले- 'अभी राजनीति नहीं, बचाव का समय'

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने का वक्त नहीं है बल्कि बचाव कार्य पर ध्यान देने का समय है।

हुड्डा के मुताबिक, उनकी टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ बच्चों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि करीब 25-26 बच्चों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि, उन्होंने भी स्पष्ट किया कि प्रशासन ने अभी तक फंसे लोगों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की है।

हुड्डा ने दिल्ली में पहले भी आग से सुरक्षा, इमारतों की सुरक्षा, नक्शों की मंजूरी और MCD, NDMC समेत संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर उठते रहे सवालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब भी मांगे जाएंगे।

कैलाश गहलोत ने कहा- सरकार पूरी तरह सक्रिय

BJP विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली सरकार हादसे के बाद पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है। उनके मुताबिक, फायर विभाग और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां घटनास्थल पर सक्रिय हैं।

उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस मुश्किल समय में दिल्ली सरकार के विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री उनके साथ खड़े हैं।

मलबे में जिंदगी की तलाश जारी

सत्य निकेतन में राहत एवं बचाव अभियान लगातार चल रहा है। NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, मेडिकल टीमों और अन्य एजेंसियों के जवान मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मलबे के भीतर मौजूद लोगों तक सुरक्षित तरीके से पहुंचना है। अधिकारियों की ओर से जैसे-जैसे रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ेगा, प्रभावित लोगों और घायलों की संख्या को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+