रक्षाबंधन पर दिल्ली मेट्रो में आसान होगा सफर, DMRC की खास पहल, कई विशेष सुविधाओं का इंतजाम
Raksha Bandhan 2023: दिल्ली में रक्षाबंधन के मौके पर मेट्रो यात्रियों की संख्या काफी बढ़ने की संभावना रहती है। इसको लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने इस बार भी खास व्यवस्थाएं की हैं। गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में 30 अगस्त को ही आमतौर पर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है।
रक्षाबंधन के दिन दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की भारी संख्या की संभावना को देखते हुए डीएमआरसी ने मेट्रो ट्रेनों के लगभग 106 अतिरिक्त फेरे चलाने का फैसला किया है। यही नहीं डीएमआरसी की ओर से कहा गया है कि इन अतिरिक्त ट्रेनों के अलावा भी कई ट्रेनें स्टैंडबाय मोड में रहेंगी। अगर यात्रियों की भीड़ और बढ़ी तो उसे कम करने के लिए इन स्टैंडबाय ट्रेनों की भी सेवाएं ली जाएंगी।

ट्रेनों के करीब 106 अतिरिक्त फेरे चलाएगा दिल्ली मेट्रो
डीएमआरसी ने ट्विटर या X हैंडल के जरिए रक्षाबंधन के दिन किए गए विशेष इंतजामों की जानकारी दी है। इसमें कहा गया है, 'कल यानी 30 अगस्त, 2023 को रक्षाबंधन के त्योहार के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो अपने कॉरिडोर पर ट्रेनों के करीब 106 अतिरिक्त फेरे चलाएगा। अगर जरूरी हुआ तो भीड़ को कम करने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें भी स्टैंडबाय में रखी जाएंगी.....'
रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली में मिलेगी ये सुविधाएं
यही नहीं यात्रियों की किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए दिल्ली मेट्रो बुधवार को अतिरिक्त मेट्रो कर्मियों की भी तैनाती करने जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो की ओर से रक्षाबंधन वाले दिन अतिरिक्त टिकट काउंटर भी संचालित किए जाएंगे।
इन सबके अलावा दिल्ली मेट्रो की ओर से यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए बड़े मेट्रो स्टेशनों पर गार्ड और ग्राहक सुविधा एजेंट (सीएफए) भी तैनात किए जाएंगे। ये कर्मचारी मेट्रो यात्रियों की सहायता करेंगे।
रक्षाबंधन 2023
रक्षाबंधन का त्योहार इस बार दो दिन मनाया जा रहा है। देश के कुछ हिस्सों में यह 31 अगस्त को भी मनाया जा रहा है। भाई-बहनों के इस पावन त्योहार का हिंदु धर्म में बहुत ही अधिक महत्व है, जिसमें बहनें अपने भाई की कलाइयों पर रक्षासूत्र या राखी बांधती हैं और उनकी लंबी और सेहतपूर्ण जीवन की कामना करती हैं।
वहीं भाई भी अपनी बहनों को उपहार के साथ जीवन भर उनकी सुरक्षा करने का वादा करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार भाई-बहन का यह पवित्र त्योहार श्रावण शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। इसके साथ ही सावन का पवित्र महीना भी पूर्ण होता है।












Click it and Unblock the Notifications