मुखर्जी नगर के कोचिंग सेंटर में आग लगने का जिम्मेदार कौन?, पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
दिल्ली के मुखर्जी नगर में स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दिल्ली का कोचिंग हब कहे जाने वाले मुखर्जी नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
हालांकि, आग लगने के कारण कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। लेकिन, धुएं के कारण बच्चे पैनिक हो गए और पाइप या रस्सी के सहारे उतरने लगे, जिसमें बच्चों को चोटें आई हैं।

मुखर्जी नगर में कोचिंग सेंटर में लगी आग से पीड़ित 61 लोगों को इलाज के लिए 3 अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 50 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, घटना स्थल का जिला क्राइम टीम ने मौका मुआयना कर फोटोग्राफी की।
एफएसएल, रोहिणी, दिल्ली की फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया गया। घटना के समय कई कोचिंग सेंटरों के लगभग 200 से 250 छात्र कक्षाओं में पढ़ रहे थे। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगे बिजली के मीटर में आग लगी थी।
वहीं, आग लगने के बाद स्टूडेंट्स ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मामले की जांच की मांग की।
मामले को थाना मुखर्जी नगर में आईपीसी की धारा 336/337/338/120बी/34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications