दिल्ली: प्राइवेट स्कूलों में भी गर्मियों की छुट्टी के दौरान नहीं होगी ऑनलाइन पढ़ाई
दिल्ली: प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियों के दौरान नहीं होगी ऑनलाइन पढ़ाई
नई दिल्ली, 21 अप्रैल: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में गर्मियों की छुट्टी के दौरान ऑनलाइन पढ़ाई नहीं होगी। दिल्ली सरकार ने बुधवार को राजधानी के निजी स्कूलों को निर्देश दिया कि सरकारी स्कूलों की तरह ही वो भी गर्मियों की छुट्टियों के दौरान सभी ऑनलाइन, सेमी-ऑनलाइन कक्षाएं और दूसरी गतिविधियां बंद रखें। दिल्ली के स्कूलों में 20 अप्रैल से गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो गई हैं। जो कि नौ जून तक चलेंगी।

शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने बुधवार को एक आदेश में कहा, निदेशालय के संज्ञान में आया है कि गर्मियों की छुट्टियां होने के बावजूद कुछ निजी स्कूल किसी ना किसी तरह नियमित ऑनलाइन क्लास चला रहे हैं। इनको अलग-अलग नाम दिए जा रहे हैं। डीओई सभी निजी स्कूलों को निर्देश देता है कि सरकारी स्कूलों की तरह गर्मियों की छुट्टियों में प्राइवेट स्कूलों में भी सभी ऑनलाइन, सेमी-ऑनलाइन कक्षाएं और अधिगम गतिविधियां नहीं होंगी।
छुट्टियों की तारीखों में किया गया बदलाव
शिक्षा निदेशालय ने कोरोना संक्रमण के चलते इस साल स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां पहले ही कर दी हैं। दिल्ली के सभी स्कूल मंगलवार यानी 20 अप्रैल से बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली के सभी स्कूल 9 जून तक बंद रहेंगे। इससे पहले 11 मई से 30 जून तक बंद करने का फैसला लिया गया था। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने कोरोना के चलते गर्मी की छुट्टी के पूर्व में लिए फैसले में बदलाव किया है।
इससे पहले सोमवार को दिल्ली सरकार ने कहा था कि कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को कक्षाओं या परीक्षाओं के लिए स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। डीओई ने आधिकारिक आदेश में कहा कि कक्षा 9 से 12 के किसी भी छात्र को परीक्षा, प्रैक्टिकल या किसी भी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधि के लिए स्कूल नहीं बुलाया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications