No fine for mask in Delhi: मास्क नहीं पहनने पर दिल्ली में खत्म हुआ 500 का जुर्माना
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर। No fine for mask in Delhi: देश में जिस तरह से कोरोना अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है उसे देखते हुए अब कोरोना प्रोटोकॉल को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। अब दिल्ली में कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली में फेस मास्क नहीं पहनने पर अब लोगों को जुर्माना नहीं देना होगा। प्रशासन ने फैसला लिया है कि सार्वजनिक जगहों पर फेस मास्क नहीं पहनने की वजह से अब लोगों को जुर्माना नहीं देना पड़ेगा। दिल्ली में कोरोना के मामले कम होने के बाद प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है।

बता दें कि इससे पहले सार्वजनिक जगहों पर फेस मास्क नहीं पहनने पर 500 रुपए का जुर्माना देना पड़ता था। प्रशासन की ओर से अप्रैल माह में एक बार फिर से यह प्रोटोकॉल लागू किया गया था, जिसे अब खत्म कर दिया गया है। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया है। इस बाबत आधिकारिक निर्देश भी जारी कर दिया गया है। गौर करने वाली बात है कि मंगलवार को दिल्ली में कोरोना के सिर्फ 74 नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है।
इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। कोरोना के मरीजों के लिए तीन अस्थायी कोविड केयर सेंटर को खत्म कर दिया गया है। इन कोविड केयर सेंटर को कोरोना काल में बनाया गया था, लेकिन जिस तरह से कोरोना के मामले अब लगभग ना के बराबर आ रहे हैं उसे देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। वहीं कोविड अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों की सेवा को इस साल के अंत तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कोरोना पर हम त्योहार के मौसम में खास ध्यान रखने की जरूरत है। बता दें कि अगस्त माह में केंद्र सरकार ने दिल्ली व कुछ अन्य राज्यों को पत्र लिखा था जिसमे कहा था कि त्योहारों के मौसम में संक्रमण तेजी से फैल सकता है। जिस तरह से कोरोना अब अपने अंतिम चरण में है उसे देखते हुए इस बार त्योहारों को बड़े स्तर पर लोग मना रहे हैं। इस बार त्योहारों पर कोरोना का असर नहीं दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications