NITI: ऊर्जा और जलवायु सूचकांक में गुजरात नं-1, जानिए देश का कौन-सा राज्य दूसरे-तीसरे स्थान पर?
नई दिल्ली। भारत सरकार के प्रमुख नीतिगत 'थिंक टैंक' नीति आयोग की ओर से राज्य आधारित ऊर्जा और जलवायु सूचकांक की रिपोर्ट आई है। इसमें बताया गया है कि, 50.1 अंकों के साथ गुजरात बड़े राज्यों की सूची में देश में पहले स्थान पर है। गुजरात के बाद केरल और पंजाब क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। नीति आयोग के हवाले से आज न्यूज एजेंसी ने यह बताया।

नीति आयोग के राज्य आधारित ऊर्जा और जलवायु सूचकांक में छोटे राज्यों में गोवा सबसे ऊपर है। इसी तरह के राज्यों की श्रेणी में, गोवा के बाद त्रिपुरा और मणिपुर हैं। न्यूज एजेंसी ने अभी बताया कि, गुजरात ने नीति आयोग के राज्य ऊर्जा और जलवायु सूचकांक-राउंड-1 (SECI) में बड़े राज्यों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। SECI का उद्देश्य डिस्कॉम के प्रदर्शन, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता सहित 6 मापदंडों पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रैंकिंग करना है।

आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, स्टेट एनर्जी एंड क्लाइमेट इंडेक्स (एसईसीआई) राउंड-1 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को छह मानकों पर रैंक करता है- डिस्कॉम का प्रदर्शन; पहुंच सामर्थ्य और ऊर्जा की विश्वसनीयता; स्वच्छ ऊर्जा पहल; ऊर्जा दक्षता; पर्यावरणीय स्थिरता; और नई पहल। इन मापदंडों में कुल 27 संकेतक शामिल हैं।
स्टेट एनर्जी एंड क्लाइमेट इंडेक्स (एसईसीआई) राउंड-1 स्कोर के परिणाम के आधार पर, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तीन समूहों में वर्गीकृत किया गया है - फ्रंट रनर, अचीवर्स और एस्पिरेंट्स।












Click it and Unblock the Notifications