मनीष सिसोदिया के घर का अब नया पता क्या है? जानिए किस AAP नेता के घर में शिफ्ट हो रहे हैं पूर्व डिप्टी सीएम
Manish Sisodia Home: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप विधायक मनीष सिसोदिया ने भी पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की तरह अपना ठिकाना बदल लिया है। मनीष सिसोदिया गुरुवार (03 अक्टूबर) को लुटियंस दिल्ली में 32, राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित अपने नए आधिकारिक आवास में चले गए हैं।
सीएम अरविंद केजरीवाल अपने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के सरकारी घर में शिफ्ट होने वाले हैं। वहीं मनीष सिसोदिया जिस घर में रहने वाले हैं, राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को आवंटित किया गया था।

ये भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल जल्द ही छोड़ेंगे CM आवास, आखिर कैसे घर की है तलाश ?
मनीष सिसोदिया पहले मथुरा रोड स्थित एबी-17 में रहते थे। रिपोर्ट के मुताबिक ये घर अब मुख्यमंत्री आतिशी को आवंटित किया गया है। मनीष सिसोदिया का नया ठिकाना पार्टी मुख्यालय से चंद मीटर की दूरी पर ही है। अरविंद केजरीवाल का नया आवास भी पार्टी ऑफिस के पास है।
मनीष सिसोदिया 9 अगस्त को जमानत पर हुए थे रिहा
दिल्ली आबकारी नीति मामले में करीब 17 महीने जेल में रहे सिसोदिया को 9 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया था। जमानत की शर्तों के तहत सिसोदिया को अपना पासपोर्ट जमा कराना पड़ा और उन्हें मामले में गवाहों को प्रभावित न करने का निर्देश दिया गया।
उन्हें पहली बार 26 फरवरी 2023 को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति के मसौदे को तैयार करने और उसे लागू करने में कथित अनियमितताओं के लिए हिरासत में लिया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसी मामले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत उन्हें 9 मार्च, 2023 को गिरफ्तार किया। सिसोदिया ने 28 फरवरी 2023 को दिल्ली कैबिनेट में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
ये भी पढ़ें- 'मैं सीना चौड़ा करके खड़ा हूं...' दिल्ली विधानसभा में मनीष सिसोदिया ने BJP पर जमकर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल क्यों शिफ्ट हो रहे हैं सांसद अशोक मित्तल के घर में?
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल जी को जमानत मिलने के बाद, उन्होंने मुख्यमंत्री पद त्याग कर जनता की अदालत में जाने का फैसला लिया और कहा कि वो मुख्यमंत्री निवास भी छोड़ देंगे और नवरात्रों में नए घर में शिफ्ट हो जाएंगे। AAP सांसद अशोक मित्तल जी के अनुरोध पर उन्होंने मकान No 5, फिरोजशाह मार्ग पर, सांसद जी के घर पर रहने का फैसला किया है।''
वहीं राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा, ''जब अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा दिया, तो मुझे कुछ समय बाद पता चला कि उनके पास रहने के लिए घर नहीं है। मैंने उन्हें अपने दिल्ली वाले घर में मेहमान के तौर पर रहने के लिए आमंत्रित किया। पार्टी के दूसरे कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी उन्हें आमंत्रित किया था। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि उन्होंने मेरा घर चुना है और घर मिलने तक मेरे साथ रहने का फैसला किया है। एक आप कार्यकर्ता और सांसद के तौर पर यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मुझे उनसे सीखने का मौका मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिल्ली चुनाव में जनता हमेशा की तरह उनका समर्थन करेगी और वे पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर दिल्ली के सीएम बनेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications