'गन और विस्फोटक लेकर Auto प्रगति मैदान जा रहा है', G20 के बीच एक पोस्ट से दिल्ली पुलिस के फूले हाथ-पांव, फिर..
Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में होने वाले 18वें जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली पुलिस के हाथ पांव एक सोशल मीडिया पोस्ट को देखकर फूल गए।
पुलिस महकमे में 'G20 प्रगति मैदान की तरफ गन व विस्फोटक से भरा ऑटो जाने ' की सूचना से हड़कंप मच गया, जिसके बाद जब हकीकत सामने आई तो पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।

दरअसल एक्स, जो पहले ट्विटर था उस पर एक शख्स ने दिल्ली आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी को टैग करते हुए एक पोस्ट किया, जिसमें उसने लिखा कि एक ऑटो गन और विस्फोटक लेकर प्रगति मैदान की ओर जा रहा है। इसी के साथ पोस्ट में ऑटो का नंबर भी लिखा था।
ऑटो की फोटो के साथ किया था पोस्ट
मालूम हो कि प्रगति मैदान वही जगह जहां पर G20 का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में बिना देरी किए पुलिस एक्टिव हुई और पूरे मामले की छानबीन में फौरन जुट गई, लेकिन जब हकीकत का खुलासा हुआ तो पूरी पिक्चर ही कुछ और ही निकली। पुलिस ने आरोपी शख्स को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ में जुटी है।
पुलिस की जांच में ऑटो में हथियार और बम की सूचना पूरी तरह से अफवाह निकली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भलस्वा डेयरी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ऑटो मालिक के घर पहुंची पुलिस, फिर...
दिल्ली पुलिस टीम ने ऑटो के नंबर के आधार पर तलाश करते हुए ऑटो मालिक के घर तक अपनी दस्तक की, वहां जाकर देखा तो ऑटो खड़ा था। छानबीन में पता चला कि ऑटो चलाने वाला कपड़े की सप्लाई करता है। ऑटो की तलाशी ली तो उस कुछ भी संदिग्ध नहीं निकला।
इस बात को लेकर थी खुन्नस
ट्वीट करने वाले शख्स ने असल में ऑटो ड्राइवर से बदला लेने की नीयत से पोस्ट किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ऑटो मालिक और आरोपी के बीच पार्किंग को लेकर झगड़ा चल रहा है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप साह की पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications