फ्री वैक्सीन की घोषणा पर मनीष सिसोदिया का बयान, केंद्र की जगह सुप्रीम कोर्ट का जताया आभार
नई दिल्ली, जून 07: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (07 जून) शाम 5 बजे देश को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने देश में चले रहे कोरोना टीकाकरण के बारे में जानकारी दी और वैक्सीनेशन में और गति देने की बात कही। इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऐलान करते हुए बताया कि अब राज्य सरकारों की तरफ से नहीं बल्कि केंद्र सरकार की तरफ से 18 साल से ऊपर के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा, जिसका सारा खर्चा केंद्र सरकार वहन करेगी। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में साफ कर दिया कि अब देश के हर नागरिक को केंद्र सरकार की ओर से फ्री वैक्सीन लगाई जाएगी। केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

Recommended Video
मोदी सरकार के वैक्सीन पर किए गए फैसले के बाद डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हम माननीय सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हैं कि उनके दख़ल के बाद देशभर में हर उम्र हर वर्ग के लोगों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध होगी। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार चाहती तो बहुत पहले यह कर सकती थी, लेकिन केंद्र की नीतियों के चलते न राज्य वैक्सीन खरीद पा रहे थे और न केंद्र सरकार दे रही थी।
देश के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा था कि आज ये निर्णय लिया गया है कि राज्यों के पास वैक्सीनेशन से जुड़ा जो 25 फीसदी काम था, उसकी जिम्मेदारी भी भारत सरकार उठाएगी। पीएम मोदी ने बताया कि ये व्यवस्था आने वाले 2 सप्ताह में लागू की जाएगी। इन 2 सप्ताह में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर नई गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक तैयारी कर लेंगी। 21 जून सोमवार से देश के हर राज्य में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों के लिए भारत सरकार राज्यों को मुफ्त वैक्सीन मुहैया कराएगी।












Click it and Unblock the Notifications