'दिल्ली की जनता के लिए काम करने में विफल रही बीजेपी', मनीष सिसोदिया ने कहा
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के लिए आज सुबह से मतदान हो रहा है। इस बीच डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, 'बीजेपी दिल्लीवासियों के काम करने में बुरी तरह विफल रही है।'

Delhi MCD Election: नगर निगम चुनाव 2022 को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में मतदान हो रहा है। इस दौरान दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तंज कसते हुए तीखा हमला बोला। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर पिछले 15 सालों से दिल्ली के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि वह शहर के लोगों के लिए काम करने में बुरी तरह विफल रही है।' इस दौरान सिसोदिया ने राष्ट्रीय राजधानी के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और शहर को स्वच्छ बनाने की अपील की।
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि बीजेपी एमसीडी में 15 साल तक सत्ता में रही और उसने दिल्ली को कूड़े के ढेर तथा पशुओं की राजधानी बना दिया है। उन्होंने कहा कि 1.5 करोड़ लोग आज नगर निगम चुनाव में मतदान करने जा रहे हैं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो अपने दिमाग में रखें कि एमसीडी की प्राथमिकता दिल्ली को साफ रखना, स्वच्छता का मुद्दे, भ्रष्टाचार, पार्किंग गंदगी, कचरा मुक्त दिल्ली के लिए मतदान करें।' मतदान करने से पहले सभी को सोचना चाहिए और दिल्ली को स्वच्छ रखने के लिए मतदान करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन तो बीजेपी ने किया है, लेकिन दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को नगर निकाय में भी लाने का फैसला किया है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'बीजेपी ने 15 साल से दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया, वह लोगों के लिए काम करने में बुरी तरह विफल रही है। बीजेपी के पास जवाब देने के लिए कुछ नहीं था, इसलिए उन्होंने नकारात्मक प्रचार शुरू किया।' इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से ऐसी पार्टी को वोट देने की अपील की जो ईमानदार हो और अच्छा काम करती हो।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'ईमानदार पार्टी को वोट दें,शरीफ़ और अच्छे लोगों को वोट दें। भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, लफ़ंगई, गाली गलौज करने वालों को वोट ना दें। दिल्ली को कूड़ा करने वालों को वोट ना दें। उन्हें वोट दें जो दिल्ली को चमकाएंगे, साफ़ सुथरा करेंगे। काम करने वालों को वोट दें,काम रोकने वालों को वोट न दें।' इससे पहले कहा था कि, 'साफ़-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने ज़रूर जाएं।'












Click it and Unblock the Notifications