'कुत्ते खा रहे थे डेडबॉडी', दिल्ली में 17 साल की लड़की से गैंगरेप के बाद हत्या! 3 नाबालिग ने मिलकर की हैवानियत
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से एक नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप और हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 17 साल की लड़की से चार लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि इसके बाद शव को खुले मैदान में फेंक दिया गया। वहां आवारा कुत्तों ने शरीर के कुछ हिस्सों को नोच लिया।
पुलिस को घटना का पता 13 सितंबर को चला, जब जयपाल राणा के खेत के पास एक सड़ा-गला शव मिला। हालत इतनी खराब थी कि शुरुआती तौर पर यह भी पता नहीं चल पाया कि शव महिला का है या पुरुष का।

टेंपो में हुई वारदात?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि लड़की आरोपियों के साथ एक टेंपो (ऑटो) में सफर कर रही थी। पुलिस के मुताबिक टेंपो के भीतर सभी ने शराब पी। इसके बाद लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली गई।
आरोप है कि वारदात के बाद शव को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कुशक रोड स्थित खुले मैदान में छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि शव का एक हाथ शरीर से अलग मिला था। शरीर के कुछ हिस्से आवारा कुत्तों ने नोच लिए थे।
परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत क्यों नहीं की?
पुलिस के मुताबिक, लड़की के परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। परिवार ने बताया कि वह अक्सर घर से चली जाती थी और कई दिनों बाद लौटती थी। इसी वजह से उसकी गैरमौजूदगी को शुरुआत में गुमशुदगी के तौर पर दर्ज नहीं कराया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता BNS की संबंधित धाराओं और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। शुरुआत में पुलिस के पास न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी था और न ही आरोपियों की पहचान सामने आई थी। इसके बाद जांच टीम ने इलाके और आसपास के रास्तों के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
अंधेरे में दिखा टेंपो, ऐसे खुला केस
सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को वारदात के समय घटनास्थल के आसपास एक टेंपो गुजरता दिखाई दिया। अंधेरा होने की वजह से उसका नंबर साफ नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़कर टेंपो की आवाजाही का रास्ता खंगाला।
15 और 16 सितंबर की दरम्यानी रात पुलिस ने लंबी तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध टेंपो का पता लगाया गया। उसके चालक की पहचान कर पूछताछ की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मामले से जुड़े चार लोगों को पकड़ लिया। इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, वयस्क आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचु के रूप में हुई है। वह खड्डा कॉलोनी का रहने वाला है। तीन अन्य आरोपी नाबालिग हैं। उनकी उम्र 16 और 17 साल बताई गई है।
जांच टीम ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों के पहने हुए कपड़े और टेंपो बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान किस आरोपी की क्या भूमिका थी।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। टीम घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने, आरोपियों की अलग-अलग भूमिका तय करने और फॉरेंसिक व तकनीकी सबूतों की पुष्टि करने में जुटी है। फिलहाल मामले में सामने आए आरोपों की जांच चल रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


Click it and Unblock the Notifications
