Delhi SIR 2026: दिल्ली में वोटर लिस्ट पर बड़ा अपडेट! SIR की तारीखों का जल्द ऐलान, BJP ने शुरू की बड़ी तैयारी
Delhi SIR 2026 Update: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भले ही चुनाव आयोग ने अभी तारीखों का औपचारिक ऐलान नहीं किया हो, लेकिन दिल्ली BJP इसे लेकर पहले से ही फुल एक्शन में नजर आ रही है।
पीटीआई रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि SIR का शेड्यूल बहुत जल्द सामने आ सकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक एक्टिव किया जा रहा है।

कोर ग्रुप मीटिंग में बना रोडमैप (BJP Preparations Delhi SIR)
इसी हफ्ते दिल्ली BJP की कोर ग्रुप मीटिंग हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। इस बैठक में दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक का फोकस साफ था-SIR की प्रक्रिया शुरू होते ही किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो। नेताओं ने मतदाता सूची संशोधन से जुड़ी रणनीति, जिम्मेदारियों के बंटवारे और जमीनी निगरानी के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
13 हजार से ज्यादा बूथों पर BLAs तैनात
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, BJP ने दिल्ली के 13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथों पर पहले ही बूथ लेवल एजेंट्स यानी BLAs नियुक्त कर दिए हैं। बैठक में तय किया गया कि अब इन एजेंट्स को सक्रिय किया जाएगा ताकि SIR शुरू होते ही वे पूरी प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संभाल सकें। उन्हें यह भी समझाया जाएगा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया में किन बातों पर खास ध्यान देना है।
चुनाव आयोग भी तैयारी में जुटा (Delhi SIR election commission)
उधर, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से भी SIR की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO नियुक्त किए जा चुके हैं और उन्हें इस विशेष अभियान के लिए ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इससे साफ है कि दिल्ली में वोटर लिस्ट से जुड़ा यह बड़ा अभ्यास अब ज्यादा दूर नहीं है।
27 साल बाद सत्ता में लौटी BJP का फोकस संगठन पर
गौरतलब है कि BJP ने फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हराकर 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी। पार्टी ने 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि AAP सिमटकर 22 सीटों पर रह गई थी। अब सत्ता में एक साल पूरे होने की तैयारी के साथ-साथ BJP संगठन को और मजबूत करने में जुटी है।
बजट और जनसंपर्क भी एजेंडे में
कोर ग्रुप मीटिंग में 2026-27 के लिए पेश होने वाले दिल्ली सरकार के दूसरे बजट पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सुझाव दिया गया कि महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों जैसे अलग-अलग वर्गों के साथ टारगेटेड बैठकों का आयोजन किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाया जा सके।
साफ संकेत: चुनावी तैयारी अभी से
कुल मिलाकर, SIR को लेकर BJP की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि पार्टी आने वाले हर राजनीतिक कदम के लिए अभी से जमीन तैयार कर रही है। मतदाता सूची से लेकर जनसंपर्क तक, दिल्ली में BJP का फोकस फिलहाल पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications