दिल्ली के रोहिणी में हुई दिनदहाड़े हत्या, गोगी गिरोह के साहिल को मार गिराया
Delhi Rohini Gangwar: दिल्ली के रोहिणी इलाके में दिनदहाड़े हुई गैंगवार से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। इस गैंगवार में गोगी गैंग से जुड़े साहिल नामक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे गोगी गैंग के कट्टर विरोधी टिल्लू ताजपुरिया गैंग का हाथ हो सकता है। रोहिणी सेक्टर 17 में हुई इस सुनियोजित वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। हमलावरों की गोली लगने के बाद साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। जांच में सामने आया है कि साहिल कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।

पुलिस साहिल की गतिविधियों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। दिल्ली में टिल्लू और गोगी गैंग के बीच लंबे समय से खूनी संघर्ष जारी है, जिसमें अब तक 50 से ज़्यादा हत्याएं हो चुकी हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार इन गैंग के सरगना, जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में और टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या हो चुकी है। लीडरों की मौत के बाद भी यह दुश्मनी खत्म नहीं हुई है। पुलिस मानती है कि साहिल की हत्या पुरानी रंजिश की ही एक और कड़ी है।
इस गैंगवार से इलाके में दहशत का माहौल है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। याद रहे पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली में गैंगवार की घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications