दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर घटे कोरोना के नए मामले, संक्रमण से नहीं हुई कोई मौत
नई दिल्ली, अक्टूबर 11। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार के मुकाबले सोमवार को दिल्ली में कोरोना के मामलों में थोड़ी सी गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 23 नए मरीज सामने आए हैं। राहत वाली बात ये है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण किसी मरीज की जान नहीं गई है। वहीं रविवार को कोरोना से 1 मरीज की मौत का मामला सामने आया था।
Recommended Video

दिल्ली में एक्टिव केस 369
दिल्ली में अब कोरोना के हालात अब काफी हद तक काबू में हैं। बात करें एक्टिव केस की तो दिल्ली में अब एक्टिव केस की संख्या 369 है। वहीं पॉजिटिविटी रेट 0.05 फीसदी है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली के अंदर 46843 कोरोना टेस्ट किए गए हैं। दिल्ली में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 14 लाख 39 हजार 218 हो गई है। इनमें से 14 लाख 13 हजार 760 मरीज रिकवर हो गए हैं।
पिछले 24 घंटे में बढ़े एक्टिव केस
आपको बता दें कि रविवार को दिल्ली में कोरोना के नए मरीज 29 थे, जबकि 1 मरीज की संक्रमण से मौत हुई थी। कल के मुकाबले भले ही कोरोना के मामलों में कमी आई है, लेकिन एक्टिव केस की संख्या बढ़ गई है। रविवार को दिल्ली में एक्टिव केस 347 थे, जो पिछले 24 घंटे में बढ़कर 369 हो गए हैं। दिल्ली में अभी कोरोना से जान गंवाने वाले मरीजों की कुल संख्या 25,089 हो गई है।
देश में 20 हजार से नीचे आया कोरोना का आंकड़ा
आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अब कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना के 18,132 नए केस मिले हैं, जबकि 21,563 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 193 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की एक बड़ी बात यह है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से एक्टिव केस लगातार घट रहे हैं और फिलहाल यह आंकड़ा 2,27,347 पर आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications