सागर धनखड़ हत्याकांड: जूनियर पहलवान गौरव की हुई गिरफ्तारी, रोहिणी कोर्ट में होगी पेशी
नई दिल्ली, जून 27। पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को ही उस आरोपी रोहिणी कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है। गौरव भी एक जूनियर पहलवान है। पुलिस का कहना है कि छत्रसाल स्टेडियम में सागर के साथ हुई मारपीट की घटना में गौरव भी शामिल था। 22 साल के गौरव के ऊपर भी सागर के साथ मारपीट करने का आरोप है। गौरव बापरौला गांव का रहने वाला है।
Recommended Video

गौरव की पुलिस कस्टडी मांगेगी पुलिस
इस गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने बताया है कि जूनियर पहलवान गौरव को रविवार दोपहर 2 बजे रोहिणी कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट में पुलिस गौरव की पुलिस कस्टडी मांगेगी, ताकि पुलिस गौरव से पूछताछ कर सके।
सबसे पहले सुशील कुमार की हुई थी गिरफ्तारी
बता दें कि सागर धनखड़ की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने 23 मई को सबसे बड़ी गिरफ्तारी की थी। पुलिस ने ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था। उसे दिल्ली की मंडोली जेल में रखा गया था, जहां से बीते दिनों सुशील कुमार को तिहाड़ जेल में शिफ्ट कर दिया गया।
पुलिस को एक महिला आरोपी की भी है तलाश
पुलिस ने ये भी बताया है कि इस मामले में अभी एक महिला की भी तलाश की जा रही है। ये महिला आरोपी पहलवान सुशील कुमार की दोस्त बताई जा रही है। आपको बता दें कि पुलिस ने जब सुशील और अजय को गिरफ्तार किया था तो उस महिला को स्कूटी पर घूमते हुए देखा गया था। बताया जा रहा है कि ये महिला राष्ट्रीय स्तर की हैंडबाल खिलाड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications