Delhi New CM: 27 साल बाद BJP महिला MLA को क्यों बना सकती है दिल्ली की मुख्यमंत्री, 4 नामों में सबसे आगे कौन?
Delhi New CM: दिल्ली में बीजेपी किसे बनाएगी मुख्यमंत्री यह सियासी गलियारों से लेकर आम जनता में सबसे बड़ा और दिलचस्प सवाल बना हुआ है। अपने फैसले से चौंकाने वाली पार्टी के शीर्ष नेताओं के मन में क्या चल रहा है यह अंदाजा लगा पाना बाहर के लोगों के लिए क्या पार्टी के भीतर के लिए भी बहुत ही ज्यादा मुश्किल है। लेकिन, फिर भी सूत्रों के हवाले से मालूम चला है कि इस बार पार्टी किसी महिला विधायक के हाथ कमान सौंप सकती है, जिनमें सबसे पहले नंबर पर शालीमार बाग की नव-निर्वाचित एमएलए(MLA) रेखा गुप्ता हैं, जिनकी संभावनाओं के बारे में सबसे पहले वनइंडिया ने ही अपनी रिपोर्ट दी थी।
शालीमार से एमएलए चुनी गईं रेखा गुप्ता के अलावा बीजेपी से तीन और महिला विधायक चुनाव जीत हैं। इनमें से भी दो नामों की चर्चा हो रही है। हम आपको महिला मुख्यमंत्री बनाए जाने की वजह और इन चार नामों किसकी संभावना सबसे ज्यादा है, इसपर चर्चा कर रहे हैं।

Delhi New CM News: दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे रेखा गुप्ता
वनइंडिया ने मंगलवार सुबह फिर एक बीजेपी नेता से बात की है, जिन्होंने फिर से अपना नाम नहीं जाहिर होने देने की गुजारिश करते हुए कहा है, "हमारी जितनी भी महिला एमएलए जीती हैं, उनमें शालीमार बाग से विधायक बनीं रेखा गुप्ता की प्रोफाइल मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे मजबूत है।"
बीजेपी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकीं रेखा गुप्ता आरएसएस (RSS), अखिल भारतीय विद्यार्थी विद्यार्थी परिषद (ABVP) से होती हुई यहां तक पहुंचीं हैं। इनकी संभावनाओं के बारे में वनइंडिया पहले ही एक पूरी रिपोर्ट दे चुका है।
Delhi CM Candidate: शिखा रॉय, BJP MLA, ग्रेटर कैलाश
बीजेपी की अंदरूनी चर्चा में जिस एक महिला विधायक का नाम संभावित सीएम के तौर पर लिया जा रहा है, उनमें ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी (आप) के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज को 3,188 वोटों से हराने वाली शिखा रॉय का नाम भी शामिल है।
भाजपा सूत्र के मुताबिक यह खुद पंजाबी समाज से आती हैं और इनका ससुराल पूर्वांचल में होने की वजह से पार्टी इनके माध्यम से तीन बड़े और मजबूत समीकरणों को साध सकती है। यह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ भी काम कर चुकी हैं।
Delhi New CM News: पूनम शर्मा, BJP MLA, वजीरपुर
पूनम शर्मा ने वजीरपुर सीट पर आप के उम्मीदवार राजेश गुप्ता को 11,425 वोटों से हराया है। बीजेपी सूत्र के अनुसार हरियाणा से आने वाली पूनम शर्मा के ससुर पुराने भाजपाई हैं और दिल्ली में पार्टी के ब्राह्मण चेहरा रहे हैं। इनका पारिवारिक बैकग्राउंड भले ही पार्टी के हिसाब से सॉलिड हो, लेकिन इनका ब्राह्मण होना ही सीएम के पद की राह में सबसे बड़ा कांटा बन सकता है।
Delhi New CM: नीलम पहलवान,BJP MLA,नजफगढ़
नीलम पहलवान ने नजफगढ़ सीट पर आप के तरुण कुमार को 29,009 वोटों के बड़े अंतर से हराया है। लेकिन, बीजेपी सूत्रों के मुताबिक कैलाश गहलोत और प्रवेश वर्मा जैसे बड़े जाट चेहरे के होते हुए, इनके सीएम बनने की संभावना नहीं के बराबर है।
Delhi CM Kon Banega: BJP महिला को क्यों बना सकती है दिल्ली की मुख्यमंत्री?
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के जो नतीजे आए हैं, उसके आधार पर विश्लेषकों का मानना है कि जिस तरह से पुरुष मतदाताओं ने इस बार बीजेपी की सरकार बनाने के लिए सकारात्मक मतदान किया है, उसकी तुलना में महिला वोटरों का झुकाव फिर भी आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर ज्यादा दिखा है।
यही नहीं, पिछले कई चुनावी ट्रेंड भी इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि अब महिला वोटर अपने आप में एक सॉलिड वोट बैंक बनकर उभरी हैं और इसके पीछे उनके लिए विभिन्न सरकारों की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का अहम रोल है। यह कहानी एक तरह से बिहार से शुरू हुई और बंगाल होते हुए पूरे देश तक पहुंच चुकी है, जिसमें महिला अब मतदान के समय स्वतंत्र निर्णय ले रही हैं।
ऐसे में बीजेपी एक महिला को मुख्यमंत्री बनाकर सीएम की रेस में लगे कई दिग्गजों से भी निपट सकती है और देश में फिलहाल पार्टी की एक भी महिला सीएम नहीं होने की कमी की भरपाई भी कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications