Delhi CM candidate: मुख्यमंत्री के लिए 2 MLA के नाम तेजी से उभरे,राजस्थान,MP की तरह दिल्ली में चौंकाएगी BJP ?
Delhi CM candidate: दिल्ली विधानसभा के नतीजे आए दो दिन हो चुके हैं और मुख्यमंत्री पद को लेकर कुछ ठोस जानकारियां मिलने लगी हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री महिला विधायक के बनने की बहुत ही अधिक संभावना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के बाद ही इसपर तस्वीर साफ हो सकती है। इसलिए कहा जा रहा है कि 15 फरवरी से पहले दिल्ली में नई सरकार के गठन की संभावना नहीं है।
जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, बीजेपी अपने फैसलों से चौंकाने के लिए भी जानी जाती है। मध्य प्रदेश से लेकर राजस्थान, छत्तीसगढ़,ओडिशा तक में बीजेपी ने ऐसे एमएलए (MLA) को मुख्यमंत्री पद पर बिठाया है, जिनके बारे में चुनाव से पहले या बाद में चर्चा तक नहीं हो रही थी। अब भाजपा के अंदर से मिल रही जानकारियों से लग रहा है कि दिल्ली में भी बीजेपी ऐसा ही करने जा रही है और पीएम मोदी के अमेरिका दौरे से लौटते ही, नए सीएम की ताजपोशी हो सकती है।

Delhi CM candidate: बीजेपी MLA अभय वर्मा और रेखा गुप्ता का सामने आ रहा नाम
दिल्ली में नए सीएम के तौर पर दो नव-निर्वाचित भाजपा विधायकों (BJP MLA) के नाम तेजी से उभरे हैं। ये नाम हैं- अभय वर्मा और रेखा गुप्ता का। दिल्ली बीजेपी के एक नेता ने वनइंडिया को नाम नहीं बताने के अनुरोध के साथ कहा है कि "दो नए नामों पर पार्टी के भीतर अब ज्यादा चर्चा हो रही है। अभय वर्मा पूर्वांचली होने के साथ-साथ दो बार के विधायक हैं और रेखा गुप्ता मेयर का भी चुनाव लड़ चुकी हैं और उन्हें सीएम बनने में महिला और बनिया दोनों फैक्टर काम कर सकता है।"
बीजेपी नेता के मुताबिक मूलरूप से बिहार के मिथिलांचल से आने वाले अभय वर्मा का नाम इसलिए लिया जा रहा, क्योंकि इस चुनाव में पूर्वांचली वोटरों ने बड़ी भूमिका निभाई है। वह लगातार दो बार से लक्ष्मीनगर से आम आदमी पार्टी को हरा रहे हैं। वहीं रेखा गुप्ता पार्षद भी हैं और उनका महिला होना, उनके पक्ष में जा सकता है।
Delhi CM candidate: अभय वर्मा पर दांव क्यों खेल सकती है भाजपा?
अभय वर्मा ने इस बार पूर्वी दिल्ली की लक्ष्मीनगर सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार बीबी त्यागी को 11,542 वोटों के अंतर से हराया है। 2020 के चुनाव में वे इसी सीट से 'आप' के नितिन त्यागी को मात्र 880 वोटों से हराया था। इस तरह से इस बार उनकी जीत का मार्जिन 10 गुना से भी ज्यादा बढ़ गया है।
बीजेपी को दिल्ली में मिली शानदार जीत के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में पीएम मोदी ने खुद के पूर्वांचल से रिश्ते का भी जिक्र किया था। दरअसल, इस साल के आखिर में बिहार विधानसभा का चुनाव होना है और यूपी बीजेपी की राजनीति के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में एक पूर्वांचली नेता को दिल्ली का सीएम बनाकर बीजेपी दिल्ली से लेकर बिहार तक में बड़ा संदेश दे सकती है।
Delhi New CM: शालीमार बाग MLA रेखा गुप्ता का क्यों तेजी से उभर रहा नाम?
वहीं शालीमार बाग सीट पर रेखा गुप्ता ने 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से पराजित किया है। रेखा गुप्ता ने अपनी जीत के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा है, 'दिल्ली में विकास की एक उम्मीद है। दिल्ली के लोग पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं। पिछले 12 वर्षों से अरविंद केजरीवाल के तहत दिल्ली में एक विजनलेस गवर्नमेंट थी। यह जीत पीएम मोदी के नेतृत्व की जीत है। दिल्ली के लोगों को भरोसा है कि पीएम मोदी यहां विकास करेंगे। केजरीवाल अपने पर केंद्रित थे और भ्रष्टाचार हमेशा उजागर होना चाहिए।'
माना जा रहा है कि दिल्ली के सीएम के तौर पर एक महिला को बिठाकर बीजेपी पूरे देश में एक बड़ा संदेश देने की कोशिश कर सकती है। क्योंकि, इसके किसी भी राज्य में अभी कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं है। वहीं, महिला अब दिल्ली समेत पूरे देश में अपने आप में एक बड़ा वोट बैंक बनकर उभरी है।
Delhi CM Kon Banega: शालीमार बाग MLA रेखा गुप्ता कौन हैं ?
बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) से जुड़ चुकीं रेखा गुप्ता ने अपनी राजनीति की शुरुआत दौलत राम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी। 1996-97 में वह दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) की अध्यक्ष भी चुनीं गईं, जब दिल्ली में बीजेपी की पहली सरकार थी।
2007 में वह उत्तर पीतमपुरा से पार्षद चुनीं गईं। वह दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और नेशनल एग्जिक्यूटिव कमेटी की सदस्य भी रह चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications