Delhi Election: केजरीवाल को मात देने के लिए BJP ने बनाई खास रणनीति, कब जारी होगी पहली लिस्ट?
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा 2025 चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। भाजपा ने 21 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति की घोषणा 18 दिसंबर को कर दी है। इस 21 सदस्यीय चुनाव समिति को संभावित उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग का काम सौंपा गया है।
भाजपा ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) को मात देने के लिए खास रणनीति बनाकर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करेगी। ये समिति उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग कर उनका नाम फाइनल करेगी। ऐसी खबरें हैं कि पार्टी की पहली सूची एक सप्ताह के भीतर घोषित कर सकती है।

Delhi Chunav 2025: क्या है BJP की दिल्ली चुनाव के लिए खास रणनीति?
दिल्ली भाजपा ने पार्टी के पक्ष में नैरेटिव बनाने का भी काम शुरू कर दिया है। नैरेटिव समिति की जिम्मेदारी नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज को सौंपी गई है। ऐसा पहली बार जब भाजपा ने दिल्ली में नैरेटिव समिति का गठन किया है। इस समिति में बतौर सदस्य के रूप में प्रदीप भंडारी, कपिल मिश्रा और राजीव बब्बर को भी शामिल किया गया है। ये नैरेटिव समिति पार्टी के पक्ष और अन्य विरोधी दलों के खिलाफ भी नैरेटिव सेट करने का काम करेगी।
Delhi Polls 2025: भाजपा 25 दिसंबर को 25 उम्मीदवारों के नाम का करेगी ऐलान!
आप ने जहां दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं कांग्रेस ने 21 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने अपनी राज्य इकाई में संभावित फेरबदल से लेकर संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र तक कई कारणों से अभी तक एक भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''कम से कम 25 उम्मीदवारों की पहली सूची 25 दिसंबर को या उससे पहले घोषित की जा सकती है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं कि यह बिना किसी देरी के किया जाए।''
पार्टी के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया, "चूंकि राज्य चुनाव समिति की घोषणा हो चुकी है और गुरुवार 19 दिसंबर को इसकी पहली बैठक हुई है। इसलिए अगले चरण में कोर कमेटी का गठन किया जाएगा और संभावित उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें अंतिम फैसला लिया जाएगा।"
अमित शाह ने दिल्ली चुनाव पर की अहम बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार (18 दिसंबर) को दिल्ली के भाजपा प्रभारी बैजयंत पांडा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ पार्टी की समग्र तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करने के तुरंत बाद राज्य चुनाव समिति की घोषणा की गई। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक की घोषणा अगले सप्ताह तक की जा सकती है।
वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता वाली इस समिति में दिल्ली के सातों भाजपा सांसदों में से प्रत्येक को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के लिए चुने जाने के तुरंत बाद ही इन सांसदों को चुनावों के संबंध में "प्रभार का नेतृत्व" करने का निर्देश दिया था। इसके अलावा, तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता भी इसमें शामिल हैं।
एक सूत्र ने कहा, "सचदेवा से पहले राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में काम करने वाले आदेश गुप्ता के अलावा, इस समिति में मनोज तिवारी, सतीश उपाध्याय और डॉ हर्षवर्धन जैसे नेता हैं।" उन्होंने कहा कि वर्धन भी पैनल में एकमात्र पूर्व सांसद हैं।












Click it and Unblock the Notifications