Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Delhi Chunav 2025: दिल्ली के 1.5 लाख ऑटो ड्राइवर इस बार क्या करेंगे? माने जाते हैं AAP के कट्टर वोट बैंक!

Delhi Chunav 2025: 2013 के विधानसभा चुनावों से दिल्ली के ऑटो ड्राइवर आम आदमी पार्टी के पक्के वोट बैंक माने जाते रहे हैं। इस बार भी जब पार्टी चीफ अरविंद केजरीवाल ने चुनाव अभियान की शुरुआत की तो सबसे पहले इन्हीं के लिए पांच गारंटियों का वादा किया। लेकिन,खुद ऑटो वालों का इस चुनाव को लेकर क्या कहना है, यह उन्हीं की जुबानी समझें तो ज्यादा अच्छा होगा।

दिल्ली में ऑटो ड्राइवर कितने बड़े वोट बैंक बन चुके हैं, यह इसी से पता चलता है कि सीएनबीसीटीवी18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने राजधानी में मात्र एक लाख रजिस्टर्ड ऑटो की लाइन खींच रखी है, लेकिन फिर भी यहां 1.5 लाख से ज्यादा ऑटो चल रहे हैं।

delhi chunav 2025

Delhi Chunav 2025: केजरीवाल ने ऑटो ड्राइवरों से इस बार किए हैं 5 वादे

इस बार भी दिल्ली में चुनाव तारीखों की घोषणा से लगभग एक महीने पहले ही केजरीवाल ने ऑटो वालों के लिए चुनाव जीतने पर पांच गारंटियां पूरी करने का वादा किया है।

उन्होंने हर ड्राइवर को 10 लाख तक का जीवन बीमा और 5 लाख का एक्सीडेंट इंश्योरेंस,बेटी की शादी में 1 लाख की मदद,होली-दिवाली पर वर्दी के लिए दो बार 2,500 रुपए, इनके बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग का खर्च उठाने और 'पूछो ऐप' फिर से चालू करने का वादा कर रखा है।

Delhi Chunav 2025: ऑटो ड्राइवरों की क्यों बढ़ गई है परेशानी?

लेकिन, सीएनजी की बढ़ती कीमतें, इलेक्ट्रिक वाहनों को सरकार की ओर से मिल रहे प्रोत्साहन जैसी अनेक चुनौतियां हैं,जिसको लेकर इस बार दिल्ली के ज्यादातर ऑटो वाले अपना विकल्प खुला रख रहे हैं। खुद ऑटो वाले बताते हैं कि 2013 के चुनावों से ऑटो ड्राइवरों ने न सिर्फ केजरीवाल और उनकी पार्टी का समर्थन किया है, बल्कि एक तरह से पार्टी के कार्यकर्ता बनकर उनके चुनाव अभियान में भी मदद की है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार इस बार आप के भरोसेमंद वोट बैंक में दरार पैदा होने लगी है। कई ऑटो वालों को लगता है कि आप ने पहले उनके फायदे के लिए काफी काम किए हैं, लेकिन उन्हें और करने की जरूरत है।

मसलन,नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर मौजूद राजेश कुमार नाम के एक ऑटो ड्राइवर ने बताया, 'कुछ साल पहले उन्होंने (आप सरकार ने) किराया बढ़ाया, जो कि हमारी लिए अच्छा था। लेकिन, अब सीएनजी की कीमतें बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।'

इसी तरह की बात सुरेश यादव जैसे एक ऑटो वाले ने भी कही, 'मेंटेनेंस महंगा है, गैस का दाम ज्यादा है और पैसेंजर हमेशा किराए को लेकर मोलभाव करते हैं। हम बढ़ते खर्चे और घटती आमदनी के बीच फंस चुके हैं।'

Delhi Chunav 2025: ऑटो वालों की आप से मायूसी की और भी हैं वजहें

सरकार ई-ऑटो को भी बढ़ावा दे रही है, जिसके लिए सारे ऑटो वाले तैयार नहीं हैं। इरफान नाम के एक ऑटो वाले का कहना है, 'ई-ऑटो खरीदने के लिए किसके पास 2 से 3 लाख रुपए हैं? अगर हम लोन भी ले लेते हैं, तो चार्जिंग स्टेशन कहां हैं? ऐसे लगता है कि उन्होंने हमारे बारे में बिना सोचे-समझे ही इन नीतियों की घोषणा कर दी।'

लेकिन, कई सारे ऑटो वालों को ओला-उबर जैसी सेवाओं से दिक्कत है। मसलन, अरविंद शर्मा नाम के एक ऑटो वाले ने कहा,'उन्होंने हमारे बिजनेस को खा लिया है। लोग अब कैब बुक करना पसंद करते हैं। हमारे हित की रक्षा के लिए सरकार ने कोई खास नहीं किया है।'

Delhi Chunav 2025: "अबकी बार वोट नहीं देंगे इनको"

लेकिन, कुछ ऑटो वालों की नाराजगी खुलेआम सामने आ रही है। एक स्वतंत्र पत्रकार अदिति त्यागी ने दिल्ली में दो दशकों से ऑटो चला रहे एक ड्राइवर से पूछा तो उन्होंने कहा, "...केजरीवाल कह रहे हैं हम खुश हैं..पता नहीं कहां से खुश हैं हम...किसी ऑटो वाले से पूछ के देखो कि क्या हाल है...पहली बार हम ही लेके आए थे उनको...लेकिन उन्होंने ऐसा बुरा हाल कर दिया हमारा कि अबकी बार वोट नहीं देंगे इनको....जब हमारा काम ही खत्म कर दिया तो क्या फायदा? छोटी-मोटी सवारी ई-रिक्शा वाले ले गए...सिंगल सवारी मोटरसाइकिल वाले ले गए...और बाकी ओला-उबर वाले ले गए तो हम कहां जाएंगे..."

Delhi Chunav 2025: शिकायतों के बावजूद आप को कई ऑटो वालों का मिल रहा है साथ

लेकिन, शिकायतों की लंबी फेहरिस्त के बावजूद अभी भी कई ऑटो वाले पूरी तरह से आप के समर्थन में डटे नजर आ रहे हैं। जैसे विनोद कुमार ने कहा, 'कोई कुछ भी कहे, उन्होंने अन्य दलों से हमारे लिए ज्यादा किया है। बीजेपी या कांग्रेस ने तो कभी ऑटो ड्राइवर की बात भी नहीं की।'

इसी तरह से करोल बाग के अनिल मिश्रा का कहना है, 'हम अभी भी उनके साथ हैं, लेकिन हमारी और सुननी पड़ेगी। अगर हम उनके वोट बैंक हैं तो उन्हें हमारी दिक्कतों को ठीक कहना चाहिए।'

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+