'बाबा का ढाबा' के मालिक ने खोला नया रेस्टोरेंट, फेमस करने वाले गौरव वासन को लेकर कही ये बात
Baba Ka Dhaba Owner Kanta Prasad New Restaurant: नई दिल्ली। सोशल मीडिया के माध्यम से चर्चा में आया 'बाबा का ढाबा' (Baba Ka Dhaba) अब दिल्ली के मालवीय नगर में खुल गया है। जी हां, 'बाबा का ढाबा' मालिक कांता प्रसाद (kanta prasad) ने ही नया रेस्टोरेंट खोला है, सोमवार का इस रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया गया। रेस्टोरेंट के साथ बाबा का पुराना ढाबा भी चलता रहेगा। कांता प्रसाद ने कहा, 'हम बहुत खुश हैं, भगवान ने हमें आशीर्वाद दिया है। मैं उनकी मदद के लिए लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, मैं उनसे अपने रेस्टोरेंट में आने की अपील करता हूं।'
Recommended Video

पुराने ढाबे से कुछ दूरी पर किराए पर ली है जगह
कांता प्रसाद ने अपने पुराने ढाबे से कुछ दूरी पर ही यह जगह किराए पर ली है। कांता प्रसाद ने बताया कि रेस्टोरेंट में इंडियन और चाइनीज खाना होगा। रेस्टोरेंट पर खाना बनाने के लिए 2 शेफ रखे गए हैं और एक हेल्पर है। कांता प्रसाद अपना पुराना ढाबा भी चलाते रहेंगे। नए रेस्टोरेंट को चलाने में बेटे उनकी मदद करेंगे। कांता प्रसाद की पत्नी बादामी देवी ने कहना है कि यह सब भगवान के हाथ में है, जो नमक रोटी देगा वह सब खिला सकता है।

गौरव वासन के वीडियो से चर्चा में आया था 'बाबा का ढाबा'
बता दें, यूट्यूबर गौरव वासन ने 'बाबा का ढाबा' का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद कांता प्रसाद के ढाबे पर लोगों की लाइन लग गई थी। हजारों लोग मदद के लिए आगे आए और लाखों रुपए की मदद की। इसके बाद ढाबा के मालिक कांता प्रसाद ने गौरव पर ही पैसों की हेराफेरी का आरोप लगाया। बीते दिनों कांता प्रसाद ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उनको जान से मारने की धमकी मिल रही है। कांता प्रसाद का आरोप था कि धमकी देने वाले शख्स ने अपने आप को गौरव वासन का भाई बताया था।

गौरव वासन को लेकर कही ये बात
रेस्टोरेंट की ओपनिंग के दिन एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कांता प्रसाद ने गौरव वासन से अब किसी भी प्रकार के मनमुटाव से इनकार किया है। कांता प्रसाद ने कहा कि वो चाहते हैं गौरव उनके रेस्टोरेंट आए और खाना भी खाएं, क्योंकि उनकी वजह से ही वो यहां तक पहुंचे हैं। कांता प्रसाद का कहना है कि आज वह बेहद खुश हैं, कभी नहीं सोचा था कि ऐसा रेस्टोरेंट खोल पाएंगे। लोगों के प्यार और मदद की वजह से यहां तक पहुंच पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications