ASHA वर्कर्स के लिए रेखा सरकार का बड़ा तोहफा, इंसेंटिव हुआ डबल, अब हर महीने मिलेंगे ₹6,000
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने ASHA वर्कर्स के मासिक इंसेंटिव को दोगुना करने का फैसला लिया है। दिल्ली कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब राजधानी में काम कर रहीं ASHA वर्कर्स को हर महीने 3,000 रुपये की जगह 6,000 रुपये मिलेंगे। यानी उनके मौजूदा इंसेंटिव में सीधे 3,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सरकार के इस फैसले का फायदा दिल्ली की करीब 6,725 ASHA वर्कर्स को मिलेगा।
ASHA वर्कर्स स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे निचली और सीधे लोगों तक पहुंचने वाली कड़ी में शामिल हैं। वे घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का काम करती हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारियों में शामिल है।

ऐसे में इंसेंटिव बढ़ाने का फैसला उनके काम से जुड़ी आर्थिक मदद को बढ़ाने वाला कदम है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद राज्य सरकार की तरफ से मिलने वाली मासिक रकम अब 6,000 रुपये हो जाएगी।
छात्रों के लिए 10 हजार बेड वाला हॉस्टल, किराए की टेंशन होगी कम?
दिल्ली सरकार ने छात्रों से जुड़ी रहने की दिक्कत को लेकर भी बड़ा प्लान तैयार किया है। बाहरी राज्यों से दिल्ली आने वाले छात्रों को रहने की जगह और मनमाने किराए से राहत देने के लिए 10,000 बेड वाले आधुनिक हॉस्टल तैयार किए जाएंगे। सरकार के मुताबिक इस योजना पर काम शुरू भी हो चुका है। इन हॉस्टलों में छात्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ रहने की जगह देने पर जोर है।
दिल्ली में बनेंगे 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय
रेखा गुप्ता सरकार ने पर्यटकों और आम लोगों के लिए सार्वजनिक सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में भी फैसला लिया है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पहले चरण में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति यानी EFC ने 266.26 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इनका निर्माण पर्यटन विभाग के जरिए कराया जाएगा।
सोलर पैनल और CCTV से लैस होंगे नए शौचालय
नए शौचालय सिर्फ सामान्य ढांचे तक सीमित नहीं रहेंगे। इनमें सोलर पैनल, CCTV कैमरे और मैकेनिकल वेंटिलेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी। मकसद इन्हें सुरक्षित, ऊर्जा बचाने वाला और लोगों के इस्तेमाल के लिहाज से बेहतर बनाना है। परियोजना में शौचालयों के साथ बागवानी और फर्नीचर का काम भी शामिल है।
यानी आसपास का क्षेत्र भी बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा। इन फैसलों को साथ रखकर देखें तो दिल्ली सरकार का फोकस एक तरफ जमीनी स्वास्थ्यकर्मियों को आर्थिक राहत देने पर है, तो दूसरी तरफ छात्रों के रहने और राजधानी में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी है।


Click it and Unblock the Notifications
