Delhi Schools: दिल्ली में खतरनाक स्तर का वायु प्रदूषण, 10वीं-12वीं को छोड़ सभी स्कूल बंद
Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण (AQI) का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। जिसके मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने ऐलान किया है कि कक्षा 10 और 12 को छोड़कर बाकी सभी छात्रों के लिए भौतिक कक्षाएं यानी फिजिकल क्लासेस बंद कर दी जाएगी। दिल्ली सरकार का स्कूलों को लेकर यह फैसला सोमवार से दिल्ली-एनसीआर में GRAP-4 के लागू होने के तुरंत बाद किया गया है।
सीएम आतिशी के एक्स पोस्ट में पर जानकारी देते हुए बताया गया, "GRAP-4 लागू होने के साथ ही कक्षा 10 और 12 को छोड़कर बाकी सभी छात्रों के लिए भौतिक कक्षाएं बंद कर दी जाएंगी। सभी स्कूल अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करेंगे।"

GRAP-4 के प्रतिबंधों के कारण स्कूलों को ऑनलाइन मोड में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि 10वीं और 12वीं क्लास फिजिकल मोड में स्कूलों में ही जारी रहेंगी।
GRAP IV पर गोपाल राय करेंगे बैठक
इस बीच दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय GRAP IV के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सोमवार को सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे, उनके कार्यालय ने रविवार को एक बयान में कहा। यह बैठक सोमवार दोपहर दिल्ली सचिवालय में होगी।
GRAP-4 के नियम लागू
वहीं दिल्ली-एनसीआर में खराब होती वायु गुणवत्ता के चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण IV को सक्रिय करने का निर्णय लिया है।जो कि सोमवार सुबह आठ बजे से लागू हो जाएगा। GRAP-4 के तहत दिल्ली में ट्रकों की एंट्री बैन कर दी जाएगी। हालांकि आवश्यक सेवाएं देने वाले सभी एलएनजी, सीएनजी, इलेक्ट्रिक, बीएस-6 डीजल ट्रकों को एंट्री की परमिशन होगी।
दिल्ली में 'गंभीर प्लस' AQI
सोमवार सुबह 6 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 481 पर था, जिसे 'गंभीर प्लस' श्रेणी में रखा गया है, जिसका स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी में AQI के 457 पर पहुंचने के बाद रविवार शाम को आपातकालीन उपायों की घोषणा की गई। इससे पहले केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को शाम 4 बजे तक दिल्ली का AQI तेजी से बढ़कर 441 हो गया, जो शाम 7 बजे तक यह और बढ़कर 457 पहुंच गया था।












Click it and Unblock the Notifications