Covid 19: 'मेरी बीवी मर जाएगी, प्लीज इसे एडमिट कर लो', असहाय पति ने बिलखते हुए अस्पताल से लगाई गुहार
नई दिल्ली, 23 अप्रैल। कोरोना के बढ़ते मरीजों के कारण इस वक्त दिल्ली के कोविड अस्पताल में आईसीयू बेड की किल्लत हो गई है, मरीजों को एडमिशन नहीं मिल रहा है। एक तो कोविड, ऊपर से अस्पताल में इलाज के लिए घंटों भटकने से, मरीज और और उनके परिजनों का हाल बेहाल हो गया है। ऐसी ही दर्द भरी कहानी है दिल्ली की 30 वर्ष की रूबी खान की, जो कि कोरोना संक्रमित हैं, जिनकी हालत बिगड़ने पर उनके पति असलम खान उन्हें बाइक पर बिठाकर अस्पताल में भर्ती कराने के लिए घर से निकले थे लेकिन उन्हें किसी भी कोविड सेंटर में एडमिशन नहीं मिला।

'मेरी बीवी मर जाएगी, प्लीज इसे एडमिट कर लो'
घंटों कोशिश करने और दो कोविड सेंटर्स के चक्कर लगाने के बाद वो दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल पहुंचे लेकिन जब उन्हें वहां से भी नकारात्मक रिस्पांस मिला तो वो कर्मचारियों के सामने ही फफक-फफक कर रो पड़े और हाथ जोड़कर बोले कि 'मेरी बीवी मर जाएगी, मैं आप सबके पैर छूने के लिए तैयार हूं, बेड ना हो तो जमीन पर ही जगह दे दो, जिससे इसका इलाज हो सके, प्लीज इसे एडमिट कर लो।' मालूम असलम जैसे कई लोग अपनों के एडमिशन के लिए इस वक्त कोविड सेंटर्स के बाहर लाइन लगाए खड़े हैं। बता दें कि लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल इस वक्त दिल्ली का सबसे बड़ा कोविड अस्पताल है।

दिल्ली में आक्सीजन एक्सप्रेस चलवाई जाए: सीएम केजरीवाल
मालूम हो कि दिल्ली में इस वक्त कोरोना की स्थिति काफी विकट है, पूरे दिल्ली में 9.3 लाख लोग कोरोना संक्रमित है। अस्पतालों में आक्सीजन सिलेंडर और बेड्स की कमी हो गई है। दिल्ली सीम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से शुक्रवार को मांग की है कि दिल्ली के लिए भी आक्सीजन एक्सप्रेस चलवाई जाए ताकि यहां आक्सीजन की किल्लत दूर हो।

प्रधानमंत्री ने आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की
गौरतलब है कि देश भर में कोरोना के चलते बिगड़े हालात के बीच प्रधानमंत्री ने आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इस वर्जुअल बैठक में पीएम मोदी के साथ उन राज्यों के सीएम थे जिन राज्यों में अत्यधिक कोरोना केस हैं।

देश में कोरोना के 3,32,730 नए केस
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 3,32,730 नए केस सामने आए हैं, जो कि एक दिन के हिसाब से बहुत ज्यादा आंकड़े हैं। नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,62,63,695 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 2,263 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,86,920 पहुंच गया है, भारत में अब एक्टिव केस 24,28,616 हैं, जबकि 1,36,48,159 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं, तो वहीं देश में अब तक 13,54,78,420 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। बीते 24 घंटों में 31,47,782लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications