दिल्ली में स्कूल खोलने पर बोले सिसोदिया- ज्यादातर लोग तो चाहते हैं लेकिन अभी...
नई दिल्ली, 2 अगस्त: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि राजधानी में फिर से स्कूलों को खोलने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। सभी पहलुओं को देखते हुए इस पर जल्दी ही फैसला लिया जाएगा। सोमवार को उन्होंने कहा, स्कूलों को फिर से खोलने या ना खोलने को लेकर जनता से जो सुझाव मिले हैं, हम उन सुझावों की समीक्षा कर रहे हैं। कुछ लोगों ने स्कूलों को फिर से खोलने की मांग की, कुछ ने अभी रुकने को कहा है। मोटे तौर पर ऐसा लगता है कि ज्यादातर लोग स्कूलों को फिर से खोलने के पक्ष में हैं। हम सभी पहलुओं (जिसमें बच्चों को टीका सबसे अहम है) और फीडबैक के आधार पर जल्द ही निर्णय लेंगे।

दिल्ली सरकार ने स्कूलों को दोबारा खोलने के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सुझाव मांगे हैं। सिसोदिया ने कहा कि विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक स्कूलों को दोबारा खोलने की प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव दे सकते हैं,सभी हितधारकों की राय पर मंथन करने के बाद स्कूल खोलने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
कई राज्यों ने किया स्कूल खोलने का ऐलान
कोरोना महामारी को देखते हुए बीते साल मार्च से ही स्कूल कॉलेज बंद चल रहे हैं। हालांकि अब धीरे-धीरे स्कूल कॉलेज खुल रहे हैं। पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों ने स्कूलों को फिर से खोलने का ऐलान कर दिया है। उत्तराखंड में आज यानी 2 अगस्त से कक्षा 9-12 छात्रों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं। इसके अलावा कक्षा 6-8 के छात्रों के लिए 16 अगस्त से स्कूल खोल दिए जाएंगे। पंजाब के कुछ स्कूल में 2 शिफ्टों में छात्रों को बुलाया जाएगा, इसमें सुबह 1-12 कक्षाओं के छात्रों को बुलाया जाएगा और कक्षा 12 के छात्रों को दोपहर 12 बजे से बुलाया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में कक्षा 10वीं से लेकर 12वीं तक दोबारा स्कूलों को खोल दिया गया है। 50 फीसदी क्षमता के साथ सरकारी और निजी दोनों स्कूल खोलने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र, बिहार, आंध्र प्रदेश राज्यों में फिर से स्कूल खोल दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में भी 16 अगस्त से स्कूल खुलेंगे। कई दूसरे राज्य भी इस पर मंथन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications