दिल्ली में आज कोरोना संक्रमण के 36 नए मामले, एक्टिव केस 400 के नीचे आए
नई दिल्ली, 10 सितंबर: राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस अब काफी हद तक काबू में दिख रहा है। शुक्रवार को दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 36 नए मामले आए, वहीं 52 मरीज रिकवर हुए। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 0.05 फीसदी रहा, जिसके बाद सक्रिय मामले कम होकर 400 के नीचे आ गए। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोविड से किसी की मौत नहीं हुई है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना के कुल मामले अब 14,38,154 हो गए हैं, अब तक 14,12,672 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं अभी तक दिल्ली में कोरोना से कुल 25,083 मौतें हुई हैं। दिल्ली में अब कोरोना के सक्रिय मामले 399 हैं। दिल्ली में इस महीने में अब तक सिर्फ 7 सितंबर को कोविड के कारण एक मौत दर्ज की गई है।
दिल्ली में इस साल कोरोना फैलने में डेल्टा वेरिएंट का असर
दिल्ली में इस साल कोरोना संक्रमण के फैलने में डेल्टा वेरिएंट का काफी बड़ा रोल रहा था। शुक्रवार को आई जीनोम सर्विलांस की डिटेल वाली रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के कई प्रयोगशालाओं में Sars-Cov-2 के तेजी से फैलने वाले डेल्टा वैरिएंट के सैंपलों में फरवरी से जुलाई के बीच 0 से बढ़कर 91 प्रतिशत की हिस्सेदारी देखी गई है। इन दस्तावेजों के मूल्यांकन से ये भी पता चलता है कि डेल्टा वेरिएंट जंगल में आग की तरह फैला था।
देश में कोरोना की स्थिति
आज जारी किए गए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना के 34 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं और 260 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल देश में एक्टिव केसों की संख्या 3,90,646 है। वहीं कोरोना से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 4,42,009 है। देश में कुल डिस्चार्ज हुए लोगों की संख्या 3,23,42,299 है। देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,31,74,954 है।












Click it and Unblock the Notifications