दिल्ली वासियों को जल्द मिलेगी दमघोंटू हवा से मुक्ति, 23 अगस्त को स्मॉग टॉवर का उद्घाटन कर सकते हैं CM केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को कनॉट प्लेस में राज्य के पहले स्मॉग टावर का उद्घाटन कर सकते हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नई दिल्ली, 14 अगस्त। प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्ली वासियों को जल्द की प्रदूषण से निजात मिलने जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को कनॉट प्लेस में राज्य के पहले स्मॉग टावर का उद्घाटन कर सकते हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्मॉग टॉवर का निर्माण पूरा हो चुका है और उद्घाटन 15 अगस्त के बजाय 23 अगस्त को होगा। 20 मीटर लंबा यह टावर 15 जून तक तैयार किया जाना था। यह टावर लगभग 1 किमी के दायरे में हवा की सुधार करेगा, यानि हवा को साफ करेगा।

कोरोना की वजह से हुई निर्माण कार्य में देरी
इससे पहले पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा था कि कोरोना वायरस के कारण स्मॉग टावर के निर्माण कार्य में देरी हुई। दिल्ली कैबिनेट ने स्मॉग टावर के पायलट प्रोजेक्ट को पिछले साल अक्टूबर में मंजूरी दी थी। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि स्मॉग टॉवर प्रति सेकंड 1,000 क्यूबिक मीटर हवा को शुद्ध करने में सक्षम होगा। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि स्मॉग टॉवर के चालू होने के बाद उसकी प्रभावशीलता का पता लगाने के लिए दो साल का पायलट अध्ययन किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा भी लगाया जा रहा है स्मॉग टॉवर कनॉट प्लेस के अलावा एक दूसरा स्मॉग टॉवर आनंद विहार में लगाया जा रहा है, जिसके 31 अगस्त तक चालू होने की उम्मीद है, हालांकि यह टॉवर केंद्र सरकार लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: रेप पीड़िता बच्ची की मां बोली- राहुल गांधी ने हमारी फोटो ट्वीट की लेकिन मुझे कोई आपत्ति नहीं
टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड कर रही है निर्माण
टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड आईआईटी दिल्ली और आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से इन दोनों टॉवरों का निर्माण कर रही है। एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड को परियोजना प्रबंधन सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। इन दोनों टॉवरों में 1200 एयर फिल्टर लगे होंगे, जिन्हें अमेरिका के मिनेसोटा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा विकसित किया गया है, इसी टीम ने चीन के जियान में 100 मीटर ऊंचे स्मॉग टॉवर को डिजाइन किया था।
इतनी आएगी लागत
प्रत्येक टॉवर की निर्माण लागत 22 करोड़ रुपए बताई जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि टॉवर लगभग एक किलोमीटर के दायरे में पीएम 2.5 की सांद्रता को 70 प्रतिशत तक कम कर देगा।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था टॉवर लगाने का आदेश
बता दें कि पिछले साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को प्रदूषण कम करने के लिए आनंद विहार में स्मॉग टॉवर लगाने का निर्देश दिया था, इसके अलावा दिल्ली सरकार से अगले तीन महीनों में कनॉट प्लेस में एक दूसरा स्मॉग टॉवर लगाने का निर्देश दिया था। समय सीमा पूरी होने तक स्मॉग टॉवर न लगाए जाने को लेकर शीर्ष अदालत ने अगस्त में केंद्र और राज्य सरकार को फटकार लगाई थी।












Click it and Unblock the Notifications