रेसलर बजरंग पूनिया से मिले सीएम केजरीवाल, कहा-आप लाखों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं
नई दिल्ली,सितंबर 14: टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले रेसलर बजरंग पूनिया ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। बजरंग पूनिया ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने को लेकर ट्वीट भी किया है। बजरंग पूनिया ने अपने ट्वीट में लिखा, 'आप से मिलकर बहुत अच्छा लगा अरविंद केजरीवाल सर, आपके सहयोग के लिये धन्यवाद। बताया जा रहा है कि, यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी।

मुलाकात को लेकर बजरंग पूनिया ने कहा कि, मुख्यमंत्री ने मुझे मिलने के लिए इनवाइट किया था। उनके साथ आज सामान्य बातें हुईं कि ट्रेनिंग कैसी चल रही है? छत्रसाल स्टेडियम में मैंने 8-10 साल ट्रेनिंग की है। सीएम केजरीवाल के साथ स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को आदि को लेकर अभी कोई चर्चा नहीं हुई। अगली मुलाकात होगी तो इस बारे में बात करेंगे। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का काम अभी चल रहा है, खिलाड़ियों को दिल्ली सरकार तैयार कर रही है।
बजरंग पूनिया ने आगे कहा कि, देश के मेंटॉर कार्यक्रम को लेकर अभी विशेष चर्चा नहीं हुई। अभी मैं रेलवे में काम कर रहा हूं। वहीं बजरंग पूनिया के साथ मुलाकात पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि, आज मेरे आवास पर ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया से मिलकर खुशी हुई। बजरंग ने भारत को गौरवान्वित किया है और हम सभी को गौरवान्वित किया है। आप लाखों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं।
बजरंग पूनिया के आलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कोच सतपाल सिंह ने भी मुलाकात की है। सतपाल सिंह ने मुलाकात को लेकर कहा कि, 'अभी बजरंग का टारगेट 2024 है। इसने छत्रसाल स्टेडियम में ट्रेनिंग की है। बजरंग और रवि जैसे बच्चे जब आगे आएंगे, तभी नए बच्चों को प्रोत्साहन मिलेगा। उसके लिए ये पूरा प्रयास करेंगे। यह दिल्ली से खेलता रहा है, ओलंपिक में जो मेडल आया था, उसके बाद आज मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लेने आया था।












Click it and Unblock the Notifications