'कुछ लोग अपने आपको भगवान मान बैठे हैं...,' सिसोदिया की गिरफ्तारी पर केजरीवाल का केंद्र पर वार
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि,'हिरण्यकश्यप अपने आपको भगवान मान बैठा था। उसने प्रह्लाद को ईश्वर की राह से रोकने के अनेक प्रयत्न किये, ज़ुल्म किये, आज भी कुछ लोग अपने आपको भगवान मान बैठे हैं।

Delhi: दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से आम आदमी पार्टी केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर है। इस क्रम में अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर बिना नाम लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, देश और बच्चों की सेवा करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने सिसोदिया की तुलना भक्त प्रह्लाद से कर डाली है।
आज भी कुछ लोग अपने आपको भगवान मान बैठे हैं- अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि, 'हिरण्यकश्यप अपने आपको भगवान मान बैठा था। उसने प्रह्लाद को ईश्वर की राह से रोकने के अनेक प्रयत्न किये, ज़ुल्म किये, आज भी कुछ लोग अपने आपको भगवान मान बैठे हैं। देश और बच्चों की सेवा करने वाले प्रह्लाद को कारागृह में डाल दिया, पर न प्रहलाद को वो तब रोक पाये थे, न अब रोक पायेंगे।'
सीएम केजरीवाल ने हाल ही में देश की स्थिति पर जताई थी चिंता
इससे पहले सीएम केजरीवाल ने सात मार्च यानी होली से एक दिन पहले वीडियो संदेश जारी कर देश की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि, मुझे 'आप' नेता सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर चिंता नहीं है, बल्कि देश की स्थिति की चिंता है, क्योंकि 'आम लोगों के लिए काम करने और उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं बचा है।'
75 साल बाद सरकारी स्कूलों की पलटी काया- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि, 'जिस देश का प्रधानमंत्री लोगों को अच्छी शिक्षा और इलाज कराने वालों को सलाखों के पीछे डालते हैं, और देश को लूटने वालों का समर्थन करते हैं, उस देश की स्थिति बहुत चिंताजनक है।' उन्होंने कहा कि, 'देशभर के सरकारी स्कूलों की स्थिति चिंताजनक है। आजादी के 75 साल बाद कोई ऐसा शख्स आया जिसने सरकार स्कूलों की काया पलट दी, वो शख्स हैं, मनीष सिसोदिया।'
फिलहाल, न्यायिक हिरासत में हैं सिसोदिया
दरअसल, सीबीआई की गिरफ्तारी के बाद मनीष सिसोदिया को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितता से संबंधित धन शोधन के आरोपों को लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, धन शोधन निरोधक कानून (PMLA) के तहत तिहाड़ जेल में दूसरे दौर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। जांच एसेंजी का आरोप है कि सिसोदिया 'जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। बता दें कि, आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सीबीआई (CBI) द्वारा 26 फरवरी को गिरफ्तार किये जाने के बाद सिसोदिया फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।












Click it and Unblock the Notifications