दिल्ली: हेलमेट पहने बदमाश ने भागते प्रॉपर्टी डीलर पर दागी गोलियां, हत्या का वीडियो आया सामने
दिल्ली। दिल्ली में द्वारका के ओल्ड पालम रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम गोली मारकर हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यह फुटेज पुलिस को भी मिली है, लेकिन 24 से ज्यादा घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस को अभी इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला है।

गाड़ी के सामने आकर फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हेलमेट पहने बदमाश, प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र की गाड़ी के सामने आकर फायरिंग शुरू कर देता है। जब वह अपने ऑफिस की तरफ जान बचाकर भागता है तो बदमाश दूसरी खड़ी गाड़ी के ऊपर चढ़कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देता है और फिर वहां मौके से फरार हो जाता है।

प्रॉपर्टी डीलर को लगी तीन गोली
प्रॉपर्टी डीलर नरेंद्र के ऊपर हेलमेट पहने बदमाश ने 6 से 7 बार फायर किया था जिसमें से तीन गोली नरेंद्र को लगी थी और उसे द्वारका के वेंकटेश्वर हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भेज दिया गया था।

हत्यारे की तलाश में पुलिस
इस मामले में द्वारका नॉर्थ पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ और दूसरी स्पेशल टीम भी मामले की छानबीन में लगी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा आसपास के लोगों से, मृतक के परिवार वालों से और उसके दोस्तों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए जांच कर रही है।


Click it and Unblock the Notifications
