BRICS: दिल्ली में कौन-सी सड़कें बंद रहेंगी? मेट्रो चलेगी या नहीं, 100 ट्रेनें प्रभावित, जानें ट्रैफिक प्लान

BRICS 2026 Delhi traffic Advisory: दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS Summit 2026 होना है। दुनिया के कई बड़े नेता राजधानी पहुंच रहे हैं। इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसका सीधा असर दिल्ली के ट्रैफिक और कुछ सार्वजनिक जगहों पर दिखाई देगा।

सबसे ज्यादा चिंता उन लोगों को है, जिन्हें आज यानी 11 सितंबर से 13 सितंबर के बीच ऑफिस, रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाना है। सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही हैं। ऐसे में सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पूरी दिल्ली बंद नहीं रहेगी। मेट्रो चलती रहेगी। बसें और टैक्सी भी चलेंगी। हां, वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर आवाजाही रोककर वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजा जा सकता है।

BRICS 2026 Delhi traffic advisory News

आज दोपहर से कहां ट्रैफिक पर सबसे ज्यादा असर होगा?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक कई अहम रास्तों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। लोगों से सफर पहले प्लान करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।

जिन प्रमुख रास्तों पर असर पड़ सकता है, उनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और जोसफ ब्रोज टीटो मार्ग शामिल हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जहां संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करें। इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता दिया जाएगा।

BRICS 2026 Delhi traffic advisory News

मेट्रो चलेगी या नहीं? जानिए सबसे जरूरी अपडेट

BRICS की वजह से दिल्ली मेट्रो बंद नहीं होगी। DMRC के मुताबिक सभी मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक खुले रहेंगे और सामान्य तरीके से ट्रेनें चलेंगी। यात्रियों को किसी बदलाव की जानकारी के लिए DMRC की वेबसाइट, सोशल मीडिया और दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप देखते रहने की सलाह दी गई है।

DMRC ने यात्रियों की लगातार पूछताछ के बाद जानकारी साझा करते हुए कहा, "मेट्रो सेवा सामान्य रूप से जारी रहेगी। किसी स्टेशन या सेवा में बदलाव होने पर यात्रियों को आधिकारिक माध्यमों से जानकारी दी जाएगी।"

हालांकि एक जगह अपवाद है। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के अंदर मौजूद दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा। 14 सितंबर को उसका साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में म्यूजियम 15 सितंबर से दोबारा आम लोगों के लिए खुलेगा।

बस और टैक्सी वालों के लिए क्या बदलेगा?

डीटीसी बसें पूरी तरह बंद नहीं रहेंगी। 11 से 13 सितंबर के बीच अनुमति वाले रास्तों पर बसें चलती रहेंगी। लेकिन प्रतिबंधित इलाकों से गुजरने वाली बसों के रूट बदले जा सकते हैं। कुछ बस स्टैंड भी प्रभावित होंगे।

टैक्सी और कैब सेवा भी जारी रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की टैक्सी कंपनियों ओला, उबर, भारत टैक्सी और रैपिडो के साथ बैठक हुई है। प्रतिबंधित इलाकों में सामान्य पिक-अप और ड्रॉप की अनुमति नहीं होगी। कैब को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

रेलवे स्टेशन जाना है तो इन रास्तों का इस्तेमाल करें

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए कश्मीरी गेट आईएसबीटी से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, डीबीजी रोड और पंचकुइयां रोड होकर कनॉट प्लेस का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है। दूसरा विकल्प आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट और जेएलएन मार्ग है। तीसरे विकल्प में वंदे मातरम मार्ग, डॉ. आंबेडकर मार्ग, रानी झांसी मार्ग और बुलेवार्ड रोड शामिल हैं।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट से रिंग रोड और एसपी मुखर्जी मार्ग का रास्ता लिया जा सकता है। आश्रम चौक से रिंग रोड, राजघाट, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग भी विकल्प है। वंदे मातरम मार्ग से डॉ. आंबेडकर मार्ग, रानी झांसी फ्लाईओवर और बुलेवार्ड रोड का रास्ता भी दिया गया है।

हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के लिए एम्स, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड वाला रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है। कश्मीरी गेट से रिंग रोड, राजघाट और आश्रम चौक होते हुए मथुरा रोड भी विकल्प है।

एयरपोर्ट जाने का सबसे सुरक्षित विकल्प क्या है?

ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। गुरुग्राम से आने वाले यात्रियों के लिए एनएच-48, राव गजराज सिंह मार्ग और यूईआर-2 सर्विस रोड से टर्मिनल जाने के रास्ते सुझाए गए हैं। द्वारका से सेक्टर-22, द्वारका रोड और यूईआर-2 के रास्ते एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है।

दक्षिण और नई दिल्ली से आने वालों के लिए एम्स, रिंग रोड, आरटीआर मार्ग, मती बाग, शंकर विहार फ्लाईओवर, संजय टी-पॉइंट और एनएच-48 वाला रास्ता दिया गया है। पश्चिमी दिल्ली से पंजाबी बाग, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी और द्वारका होते हुए यूईआर-2 का इस्तेमाल किया जा सकता है। उत्तर और पूर्वी दिल्ली से कश्मीरी गेट, रानी झांसी फ्लाईओवर, रोहतक रोड, पंजाबी बाग, राजा गार्डन, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड और द्वारका होते हुए एयरपोर्ट जाने का विकल्प है।

100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित, स्कूल और ये जगहें भी बंद

BRICS का असर रेलवे पर भी पड़ा है। 11 से 13 सितंबर के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से जुड़ी 100 से ज्यादा ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें रद्द, कुछ डायवर्ट, कुछ शॉर्ट टर्मिनेट और कुछ शॉर्ट ओरिजिनेट की गई हैं। इसलिए स्टेशन निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।

दिल्ली के सभी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे। शिक्षा निदेशालय ने 5 सितंबर को इसका सर्कुलर जारी किया था। यह आदेश सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू है। शिक्षा निदेशालय के दफ्तर भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे।

राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान 11 से 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। भारत मंडपम के आसपास भी कुछ सार्वजनिक जगहों पर पाबंदियां रहेंगी। बाजारों और मॉल को पूरी दिल्ली में बंद करने का कोई आदेश सामने नहीं आया है। लेकिन प्रतिबंधित रास्तों के आसपास कारोबार और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

22 रूट पर खास नजर, 9 होटलों से भारत मंडपम तक VIP मूवमेंट

दिल्ली पुलिस ने BRICS के दौरान 22 प्रमुख रूटों के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। एडिशनल सीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया, "विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए नौ होटल तय किए गए हैं। इन होटलों से भारत मंडपम तक आने-जाने के लिए अलग रूट प्लान बनाया गया है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान जरूरत के हिसाब से ट्रैफिक को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।"

इसलिए अगले तीन दिनों में दिल्ली वालों के लिए सबसे आसान फॉर्मूला यही है-मेट्रो को प्राथमिकता दें, ट्रेन का स्टेटस पहले जांचें, एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय रखें और प्रतिबंधित रूट पर जाने से पहले ट्रैफिक पुलिस का ताजा अपडेट जरूर देख लें।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+