वोटिंग से पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी में कई जगह दीवारों पर लिखे दिखे 'चुनाव बहिष्कार' के नारे, FIR दर्ज
Delhi Lok Sabha Election 2024: राजधानी दिल्ली की सभी 7 सीटों पर छठें चरण के तहत वोटिंग है। इस बीच दिल्ली विश्वविद्यालय में कई जगह चुनाव बहिष्कार के स्लोगन लिखे मिलने से हड़कंप मच गया। जिसे लेकर पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के नार्थ कैंपस एरिया में असामाजिक तत्वों ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ( एसआरसीसी) की दीवार पर 'चुनाव का बहिष्कार करो', 'नक्सलबाड़ी जिंदाबाद', 'मार्क्सवाद जिंदाबाद' जैसे नारे लिख दिए हैं, जिसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मौरिस नगर थाने में शिकायत दी है।

दीवारों पर लिखे नारों को लेकर दिल्ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली यूनिवर्सिटी इलाके में दीवारों पर चुनाव बहिष्कार के स्लोगन लिखे मिले। जिसके बाद संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं और जांच शुरू कर दी है।
वहीं एबीवीपी ने पुलिस में शिकायत कर इस घटना में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही तत्काल दीवार से इन विवादित नारों को मिटाने की मांग की है। वहीं भगत सिंह छात्र एकता मंच (बीएससीईएम) ने दीवारों पर लिखे 'एक ही रास्ता नक्सलबाड़ी' जैसे नारों की जिम्मेदारी ली है।
संगठन ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर नारों की तस्वीरें भी पोस्ट की थीं। पुलिस ने इस पूरे मामले को लेकर बताया कि सुबह गश्त के दौरान उनको इलाके में नारे लिखे हुए मिले। पुलिस ने मुताबिक दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
बता दें कि इससे पहले जेएनयू में फरवरी और दिसंबर में भी विवादित नारे लिखे हुए मिले थे। मालूम हो कि जेएनयू में फरवरी में छात्र संघ चुनाव के दौरान सेंटर फॉर हिस्टोरिकल स्टडीज (सीएचएस) की जीबीएम के दौरान कुछ छात्रों ने जमकर हंगामा किया था। वहीं इससे पहले 28 दिसंबर और एक अक्टूबर को भी जेएनयू की दीवारों पर भी इसी तरह के विवादित नारे लिखे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications