भगवंत मान 13 मार्च को केजरीवाल संग करेंगे रोड शो, फिर इस तारीख को लेंगे CM पद की शपथ
नई दिल्ली। पंजाब में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) अब सरकार बनाने की तैयारियों में जुट गई है। आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान पार्टी संयोजक शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए दिल्ली आए। उन्होंने बताया कि, वह दिल्ली के सीएम और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो करेंगे। उसके बाद 16 मार्च को शपथ लेंगे।

आप आलाकमान के नेताओं का कहना है कि, भगवंत मान कल राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले वह दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वह पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिले। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया। आप ने कहा कि, हमारे पंजाब के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे।

भगवंत मान ने अपनी सरकार बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि, हम राज्यपाल से मिलेंगे, इसके बाद भगत सिंह के गांव खटकर कलां में शपथ ग्रहण होगी। उधर, पंजाब के मौजूदा सीएम चरणजीत चन्नी राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों के मुताबिक, चन्नी दोनों विधानसभा सीटें हारने के बाद अब जल्द कुर्सी छोड़ेंगे। उनकी कैबिनेट के 10 मंत्री हारे हैं, वहीं सिद्धू की भी लुटिया डूब गई। पंजाब में अब आप सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। इसके लिए, पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान कल राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications