एशियन गेम्स में कमाल करने वाले तेजस्विन से सीएम केजरीवाल ने घर पर की मुलाकात
एशियन गेम्स में जिस तरह से भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया उसके बाद हर तरफ उनकी तारीफ हो रही है। दिल्ली के भी कई खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
एशियन गेम्स में डीकेथलॉन प्रतिस्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले तेजस्विन शंकर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बधाई दी है। अरविंद केजरीवाल ने ना सिर्फ तेजस्विन को बधाई दी बल्कि उन्हें अपने घर पर चाय पर बुलाया।

तेजस्विन प्रकाश के साथ मुलाकात की अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने तेजस्वी के साथ मुलाकात की तस्वीरों को शेयर किया है। गौर करने वाली बात है कि तेजस्विन शंकर भी दिल्ली के मिशन एक्सिलेंस स्कीम का हिस्सा हैं।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा, दिल्ली के रहने वाले एथलीट तेजस्विन शंकर ने एशियन गेम्स की डीकेथलॉन स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया, इस दौरान उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया। आज तेजस्विन और उनके परिवार को अपने घर चाय पर बुलाया था। उन्हें उनकी इस उपलब्धि की बधाई दी एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि तेजस्विन भी दिल्ली सरकार की मिशन एक्सिलेंस स्कीम के लाभार्थी हैं। मैं हमेशा कहता हूं कि हमारे युवाओं में अपार प्रतिभा है, बस हमें उनका साथ देना है और आगे बढ़ाना है।
बता दें कि एशियन गेम्स में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। भारत ने एशियन गेम्स में कुल 107 मेडल्स अपने नाम किए। भारत ने कुल 28 गोल्ड मेडल, 38 सिल्वर मेडल और 41 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। आखिरी दिन भारत की क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। कबड्डी में भी भारतीय पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। आखिरी दिन भारत को 6 गोल्ड मेडल मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications