'ED का दूसरा एजेंडा है, मुझे ऊपर भेजने की तैयारी थी?', कोर्ट को संजय सिंह ने अपनी जान का खतरा बताया
Sanjay Singh Update News: दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेश किया। 5 दिन की कस्टडी खत्म होने के बाद कोर्ट पहुंचे संजय सिंह की और ईडी की दलीलें कोर्ट ने सुनी। सुनवाई के दौरान कोर्ट में संजय सिंह ने अपनी जान का खतरा बताया। कहा कि इनका दूसरा एजेंडा है। मुझे ऊपर भेजने की तैयारी थी।
अदालत में संजय सिंह के वकील के बाद खुद अंत में संजय सिंह ने अपनी बात कही। संजय सिंह ने कहा कि रात के 10:30 बजे कहा गया कि आपको बाहर ले जाया जा रहा है। पूछने पर बताया कि तुगलक रोड थाने ले जा रहे हैं। मैंने पूछा कि क्या जज की इजाजत ली है? मेरे अड़ने पर उन्होंने कहा कि मुझे लिखकर दीजिए। मैंने लिखकर दिया। दूसरे दिन भी यही हुआ। इसका मतलब है कि इनका दूसरा एजेंडा है।

संजय सिंह ने कहा कि अब जज साहब इनसे पूछिए, किस ऊपर वाले के कहने पर मुझे ऊपर भेजने की तैयारी थी? ये इनसे पूछिए। मेरा सिर्फ इतना अनुरोध है कि जहां भी ले जाना है, जज साहब को बता दीजिए।
13 अक्टूबर तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में
वहीं, कोर्ट में पेशी के बाद आप सांसद संजय सिंह की प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी। इससे पहले उन्हें 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेजा गया था। हालांकि, संजय सिंह ने अपनी जान का खतरा भी बताया है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
अमानतुल्ला खान के परिसरों पर ईडी का छापा
उधर, प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्ला खान के परिसरों पर तलाशी ले रहा है। यह तलाशी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है। ईडी की कार्रवाई दिल्ली भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा दायर एक एफआईआर और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दायर एक अन्य एफआईआर पर आधारित है। ये मामले दिल्ली वक्फ बोर्ड में अवैध नियुक्तियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार से संबंधित हैं, जहां खान अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।












Click it and Unblock the Notifications